Latest news

फूटा समाजिक गुस्सा : कथा वाचक के आपत्तिजनक बोल से सतनामी समाज भड़का, थाने का घेराव — गैरजमानती धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

Bilaspur, तखतपुर। शांत, धार्मिक और सौहार्द्रपूर्ण नगरी के रूप में पहचाने जाने वाले तखतपुर में बुधवार को तनाव का माहौल उस समय बन गया जब श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने व्यासपीठ से ऐसा बयान दे दिया, जिसने पूरे नगर का वातावरण गर्मा दिया। कथावाचक के विवादित बोलों पर सतनामी समाज ने तीखी प्रतिक्रिया दी, देखते ही देखते टिकरीपारा टोनही डबरी में चल रही कथा विवाद का केंद्र बन गई।
जानकारी के अनुसार, कथावाचक ने कथा के बीच सतनामी समाज के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला भड़क गया। वीडियो के वायरल होते ही नगर सहित आसपास के इलाकों में आक्रोश फैल गया। भारी संख्या में समाज के लोग एकजुट होकर तखतपुर थाने पहुंचे और आरोपी कथावाचक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।
थाने का घेराव, नारेबाजी और ज्ञापन
आक्रोशित सतनामी समाज के सैकड़ों लोग थाने के बाहर जुट गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। भीड़ के बढ़ते तेवर देखते हुए प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
एडिशनल एसपी अर्चना झा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
वायरल वीडियो से भड़का विवाद
विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब कथा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कथावाचक के शब्दों को लेकर समाज के लोगों ने कहा कि यह उनके धर्म और संत परंपरा का अपमान है। वीडियो के फैलते ही तखतपुर के साथ आसपास के गांवों में भी तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रशासन सतर्क — भारी पुलिस बल तैनात
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने कथा स्थल और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट न डालने की अपील की है।
समाज के नेताओं का कड़ा विरोध
सतनामी समाज के वरिष्ठ सदस्य और नेता बिहारी टोडर ने कहा कि “कथा वाचक ने मंच से हमारे समाज के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाई है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हैं।”
उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज आंदोलन की राह अपनाएगा।
वहीं, समाज से जुड़े अधिवक्ता जितेन्द्र बंजारा ने कहा कि “कथावाचक ने जानबूझकर सतनामी समाज को बदनाम करने की कोशिश की है। यह जातिवादी और कुंठित मानसिकता का परिचायक है। पुलिस को ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।”
पुलिस की अपील — “कानून हाथ में न लें”
तखतपुर थाना प्रभारी ने बताया कि “प्रकरण में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। वीडियो का फॉरेंसिक विश्लेषण कराया जाएगा। समाज के लोगों से अपील है कि कानून अपने हाथ में न लें।”
स्थिति नियंत्रण में, निगरानी जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल तखतपुर में स्थिति नियंत्रण में है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने भविष्य में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतज़ाम कर लिए हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।