


कांग्रेस भवन में ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक, एआईसीसी सचिव व विधायक देवेंद्र यादव और युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने दी रणनीति — कहा, SIR के नाम पर हो सकता है वोटर टारगेटिंग का खेल
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) यानी “विशेष गहन परीक्षण” को लेकर प्रदेशभर में सतर्कता अभियान शुरू कर दिया है। बुधवार को कांग्रेस भवन में आयोजित अहम बैठक में एआईसीसी सचिव, विधायक और SIR जिला प्रभारी देवेंद्र यादव ने ब्लॉक अध्यक्षों व नवनियुक्त ब्लॉक प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा — “यह सिर्फ मतदाता सूची का परीक्षण नहीं, बल्कि भाजपा की ओर से विपक्षी मतदाताओं को निशाना बनाने की नई साजिश है।”
बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, शहर अध्यक्ष विजय पांडेय, ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
विचारधारा की लड़ाई : कांग्रेस बनाम गोडसे सोच
देवेंद्र यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “कांग्रेस गांधी की विचारधारा में विश्वास रखती है, जो देश को अमन, शांति और विकास के रास्ते पर ले जाना चाहती है। लेकिन भाजपा की मूल सोच गोडसे से प्रेरित है — वही सोच जिसने अंग्रेजों के साथ मिलकर स्वतंत्रता संग्राम का विरोध किया था।”
उन्होंने कहा, “जब देश 15 अगस्त 1947 को आजादी का जश्न मना रहा था, तब आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद के लोग तिरंगा जला रहे थे, वंदेमातरम और जन गण मन का विरोध कर रहे थे।”
SIR फार्म में छिपी “साजिश”
यादव ने SIR प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस फार्म में जो शर्तें रखी गई हैं, वे सामान्य नागरिकों के लिए पूरी करना लगभग असंभव हैं। बिहार में इसी प्रक्रिया का दुरुपयोग हुआ, और अब भाजपा इसे छत्तीसगढ़ में लागू कर कांग्रेस मतदाताओं को टारगेट करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने संगठन को चेताया कि भाजपा बीएलओ के जरिए विपक्षी वोटरों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाने की कोशिश करेगी। इसलिए हर कांग्रेस कार्यकर्ता और बीएलए को मुस्तैद रहना होगा।
“लोकतंत्र और संविधान खतरे में”
देवेंद्र यादव ने कहा — “हमारे नेता राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर नागरिक जागे नहीं तो आने वाली पीढ़ी को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित होना पड़ेगा।”
संगठन की तैयारी पूरी : विजय पांडेय और विजय केशरवानी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने बताया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने लगभग सभी वार्डों और बूथों में बीएलए नियुक्त कर दिए हैं, और निर्वाचन कार्यालय में सूची जमा भी कर दी है। बीएलए की सहायता के लिए चारों ब्लॉकों में दो-दो प्रभारी बनाए गए हैं, जो सतत सक्रिय रहेंगे।
ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बताया कि ग्रामीण ब्लॉकों में भी सभी प्रभारियों की नियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने SIR की जटिल प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा —
“इसमें 2003 की मतदाता सूची को आधार बनाया गया है। यानी 2003 के बाद जिन महिलाओं की शादी हुई है, उन्हें अपने मायके के बूथ क्रमांक और सरल क्रमांक लाने होंगे। यही नहीं, जिनका निवास बदला है या जो अन्य राज्य में रह चुके हैं, उन्हें भी वहीं से जानकारी लानी होगी। यह आम नागरिकों को मतदान से वंचित करने की सोची-समझी रणनीति है।”
“SIR है वोट छीनने का औजार” — आकाश शर्मा
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि “अब तक सिर्फ EVM पर शक था, लेकिन SIR तो सीधे मताधिकार पर हमला है।” उन्होंने कहा कि यह समय किसानों के फसल कटाई का है और अधिकांश गरीब मजदूर पलायन कर रहे हैं — ऐसे में 100% शुद्धता की गारंटी देना असंभव है।
कांग्रेस का स्पष्ट रुख
कांग्रेस का मानना है कि SIR के नाम पर “नए तरह की वोटर क्लीनिंग” की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जो गरीब, किसान और मजदूर तबके को निशाना बनाएगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि हर ब्लॉक और बूथ स्तर पर सतर्कता टीम तैनात की जाएगी, ताकि किसी भी मतदाता को जानबूझकर सूची से न हटाया जा सके।
बैठक में मौजूद रहे
बैठक में प्रमुख रूप से देवेंद्र यादव, आकाश शर्मा, विजय केशरवानी, विजय पांडेय, पंकज सिंह, महेंद्र गंगोत्री, देवेंद्र सिंह, सिद्धांशु मिश्रा, राजेंद्र साहू, शिवा मिश्रा, भरत कश्यप, महेश दुबे, ऋषि पांडेय, समीर अहमद, नसीम खान, जगदीश कौशिक, सुनील सिंह, गीतांजलि कौशिक, जावेद मेमन, राजेंद्र धीवर, लक्ष्मीनाथ साहू, अरविंद शुक्ला, झगर राम सूर्यवंशी, विनोद साहू, बिहारी देवांगन, भोला साहू, अनिल यादव, शीतल दास, यासीन खान, अमित तिवारी, प्रीति पाटनवार, प्रमोद जायसवाल, आनंद जायसवाल, सुभाष ठाकुर, मोहन श्रीवास, सुनील सोनकर, अमित भारते, अब्दुल इब्राहिम, साई भास्कर, कमलेश दुबे, अभिलाष दुबे, राजा व्यास, मोह. अयूब, जहूर अली, ओम कश्यप, राजेश जायसवाल, बद्री यादव, रमाशंकर बघेल, आशीष शर्मा, रवि साहू, अंकित प्रजापति, रोमहरष शर्मा, मिश्रा गांधी बंजारे, पवन साहू, पुष्पेंद्र साहू, उमेश कश्यप और गौरव एरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संचालन प्रवक्ता ऋषि पांडेय ने किया और आभार ब्लॉक अध्यक्ष विनोद साहू ने व्यक्त किया।



