Latest news

दिल्ली ब्लास्ट पर कांग्रेस का हमला: शहीद विनोद चौबे चौक पर कैंडल श्रद्धांजलि, PM की भूटान यात्रा पर सवाल—‘जनता के भरोसे पर बड़ी चोट’”

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। दिल्ली बम ब्लास्ट में मारे गए 13 लोगों को लेकर बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद विनोद चौबे प्रतिमा स्थल पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूटान यात्रा को “असंवेदनशील और गैर-ज़रूरी” बताते हुए तीखा राजनीतिक हमला बोला। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि देश की राजधानी में एक के बाद एक आतंकी हमलों का सिलसिला जारी है, मगर शीर्ष नेतृत्व “चुनावी कार्यक्रमों और विदेश दौरों में व्यस्त” है, जिससे देश की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी–01 द्वारा मंगलवार को आयोजित कैंडल श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दिल्ली बम ब्लास्ट में मारे गए नागरिकों को याद किया गया। कार्यक्रम शहीद विनोद चौबे प्रतिमा के पास आयोजित हुआ, जहाँ कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियाँ जलाकर शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांण्डेय ने कहा कि देश की राजधानी में आतंकी बम धमाकों की घटनाएँ विपक्ष ही नहीं, बल्कि आम जनता के लिए भी चिंता का कारण हैं। “जब दिल्ली में धमाका हुआ और लोग मारे गए, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान दौरे पर रवाना हो गए। ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री की पहली प्राथमिकता देश की सुरक्षा और आपात बैठक होना चाहिए थी,” पांण्डेय ने कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के इस रवैये से देश का आत्मविश्वास कमजोर हो रहा है।
पांण्डेय ने आगे याद दिलाया कि “पहलगाम में 26 लोगों की हत्या के बाद प्रधानमंत्री विदेश यात्रा छोड़कर लौटे जरूर थे, पर कश्मीर स्थित घटना स्थल पर नहीं पहुंचकर बिहार चले गए। आज बिहार चुनाव समाप्त हो चुके हैं, ऐसे में भूटान यात्रा को किस आधार पर न्यायसंगत माना जाए?”
पूर्व महापौर रामशरण यादव और ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन ने आरोप लगाया कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह छोटी–छोटी उपलब्धियों पर श्रेय लेने के लिए आगे रहते हैं, लेकिन बड़े हमलों पर चुप्पी साध लेते हैं।” नेताओं ने कहा कि पुलवामा में 40 सुरक्षाकर्मियों, पहलगाव में 26 और अब दिल्ली बम ब्लास्ट में 13 लोगों की मौत पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर “सुरक्षा ढांचे की नाकामी” के आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की।
कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष विजय पांण्डेय, पूर्व महापौर रामशरण यादव, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, पूर्व शहर अध्यक्ष रविन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, पूर्व प्रदेश सचिव महेश दुबे, शहर प्रवक्ता ऋषि पांण्डेय, ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, पूर्व पार्षद स्वर्ण शुक्ला, रमजान ग़ौरी, शेख निज़ामुद्दीन दुलारे, अनिल गुलहरे, विनय वैध, वकार खान, वाशिम बक्श, रवि गेडाम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।