Latest news

जंगली जानवरों के शिकार के लिए लगाया था हाई-वोल्टेज करंट, ग्रामीण की मौत के बाद शव जलाया — बिलासपुर पुलिस ने किया 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग निरुद्ध

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर | मोहम्मद इसराइल बबलू
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम डिंडोल के जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए लगाए गए अवैध विद्युत करंट ट्रैप की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौत के बाद आरोपियों ने शव को पेट्रोल डालकर जलाकर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है।
करंट से मौत, फिर शव जलाकर मिटाने की कोशिश
मामला 29 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 के बीच का है। थाना कोटा को सूचना मिली कि ग्राम डिंडोल स्थित दोषी मुंडा तालाब के पास जंगल में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई है, और शव को आग के हवाले कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है।
प्रार्थी आजू राम कुशराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि ग्राम नर्मदा डिंडोल के कुछ व्यक्तियों ने 11 केवी बिजली लाइन से नंगी जीआई तार खींचकर अवैध रूप से शिकार के लिए ट्रैप लगाया था।
उसी दौरान मृतक अयोध्या सिंह खुसरो (35 वर्ष), निवासी छिरहापारा धुमा, थाना तखतपुर, जंगल से गुजर रहे थे और करंट की चपेट में आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आरोपी गिरफ्तार — गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
जांच पूरी होने के बाद कोटा पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया —
1️⃣ जान सिंह बैगा पिता चरण बैगा (48 वर्ष)
2️⃣ अनिल बैगा पिता मंहगु बैगा (25 वर्ष)
साथ ही 02 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया गया है।
सभी आरोपी ग्राम नर्मदा डिंडोल, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के निवासी हैं।
आरोपियों पर धारा 105, 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
घटना के बाद आरोपी जंगल में छिपे हुए थे, जिन्हें पुलिस ने लगातार निगरानी और घेराबंदी कर पकड़ लिया।
कड़ी जांच और त्वरित कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटा श्री तोप सिंह नवरंग के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लगातार निगरानी, खुफिया जानकारी और जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया।
टीम में शामिल अधिकारी और जवानों का सराहनीय योगदान रहा —
स.उ.नि. नहारू राम साहू
स.उ.नि. चंद्रप्रकाश पांडेय
प्र.आर. सत्यप्रकाश यादव, आर. रविंद्र मिश्रा, आर. दीप सिंह कंवर,
आर. प्रफुल्ल यादव, आर. विनोद यादव, आर. सोमेश्वर साहू,
आर. संजय श्याम
सभी ने लगातार चार दिनों तक जंगल में सघन सर्च और निगरानी अभियान चलाया, जिसके बाद आरोपी पुलिस के गिरफ्त में आए।
जनसुरक्षा के लिए पुलिस की अपील
कोटा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि —
“अवैध विद्युत शिकार जैसी खतरनाक गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाने या डायल 112 पर दें। ऐसे कार्य न केवल जंगली जीवों बल्कि मानव जीवन के लिए भी घातक साबित हो सकते हैं।”
वन अधिकारी बेसुध
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, कवर्धा और जशपुर जिलों में पिछले कुछ वर्षों से विद्युत करंट से जंगली जानवरों के शिकार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, जंगल किनारे बसे इलाकों में यह प्रवृत्ति खतरनाक रूप से बढ़ रही है। कई बार ऐसे करंट ट्रैप में ग्रामीण या पशु भी चपेट में आ जाते हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।