Latest news

रेल हादसे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जावेद मेमन का फूट पड़ा गुस्सा — रेल मंत्री के इस्तीफे और मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ मुआवजे की मांग

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक-01 के अध्यक्ष जावेद मेमन ने गत 4 नवम्बर को कोरबा-मेमू लोकल ट्रेन और मालगाड़ी के बीच गतौरा स्टेशन के पास हुए भीषण रेल हादसे को लेकर केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हादसे में 10 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत और कई यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अब तक पद पर बने रहना असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है।

जावेद मेमन ने मंगलवार शाम शहीद विनोद चौबे प्रतिमा स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए केंडल जलाकर प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने कहा, “देश में आए दिन रेल दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त हैं। जब से संचार प्रणाली कंप्यूटरीकृत हुई है, हादसों की संख्या बढ़ी है, जिससे साफ है कि रेलवे का सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है।”

मेमन ने इस हादसे को “सिस्टम की नाकामी का जिंदा सबूत” बताते हुए कहा कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कोरबा-मेमू ट्रेन की इंजन और पिछली बोगी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गई।

उन्होंने मांग की कि मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नियमित नौकरी, गंभीर घायलों को 50-50 लाख रुपये और सामान्य घायलों को 5-5 लाख रुपये की सहायता तत्काल दी जाए।

जावेद मेमन ने जिला प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा, “जब पूरा प्रदेश इस दर्दनाक हादसे से सदमे में है, तब बिलासपुर में राज्योत्सव का आयोजन स्थगित न करना सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। इस वक्त उत्सव नहीं, राहत और जिम्मेदारी की जरूरत है।”

उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक विभागीय जवाबदेही तय नहीं होगी, जनता ऐसे हादसों की शिकार होती रहेगी। साथ ही उन्होंने बिलासपुर रेल ज़ोन के सक्षम अधिकारियों को निलंबित करने की भी मांग की।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महापौर रामशरण यादव, नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, प्रवक्ता ऋषि पांडेय, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजू यादव, पूर्व पार्षद रमाशंकर बघेल, स्वर्णा शुक्ला, शेख निजामुद्दीन, आशुतोष शर्मा, अयाज खान, अहमद असद, रवि गेडाम, कृष्ण मुरारी बाजपेयी, वकार खान, रितेश मसीह, वसीम बख्श, अखलाक खान, कमल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

जावेद मेमन ने कहा — “रेल हादसों पर अब शोक नहीं, जवाबदेही तय करनी होगी।”

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।