मोहम्मद इसराइल बबलू
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर ज़िले में एक बार फिर घरेलू हिंसा की दरिंदगी ने इंसानियत को झकझोर दिया है। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक सनकी पति ने उसे टंगिया और चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद गांव में दहशत और मातम दोनों है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

“चरित्र शंका” बनी जानलेवा — पति ने उतारा पत्नी पर खौफनाक गुस्सा
थाना कोटा के ग्राम शिवतराई में 22 अक्टूबर की शाम यह जघन्य वारदात हुई। आरोपी राजेश कुमार मरावी (40 वर्ष) ने अपनी पत्नी नांदबाई मरावी पर चरित्र को लेकर संदेह जताते हुए विवाद किया। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया — राजेश ने टंगिया और चाकू से पत्नी पर लगातार वार किए।
घायल नांदबाई को परिजन गंभीर हालत में रायपुर के डीकेएस अस्पताल ले गए, जहाँ 25 अक्टूबर की सुबह उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, जोड़ी गई गंभीर धाराएं
प्रार्थी रामचरण पोर्ते (महिला का ससुर) की रिपोर्ट पर थाना कोटा में अपराध दर्ज किया गया। प्रारंभिक रूप से मामला धारा 295, 351(1), 115(2) बीएनएस के तहत दर्ज हुआ था, बाद में विवेचना में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ी गई।
48 घंटे में गिरफ्तारी — हत्या के हथियार बरामद
कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राजेश कुमार मरावी, पिता चैतराम मरावी, निवासी शिवतराई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टंगिया और चाकू जब्त कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



