Latest news

त्योहारों से पहले आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन — अवैध शराब कारोबारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 05 आरोपी जेल दाखिल, 372 लीटर से अधिक शराब जब्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मो इसराइल बबलू

बिलासपुर, 14 अक्टूबर 2025।
त्योहारी सीजन में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर अब प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। आबकारी आयुक्त महोदया और कलेक्टर संजय अग्रवाल के सख्त निर्देशों के बाद बिलासपुर जिले में सोमवार को आबकारी विभाग की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 07 गैर-जमानतीय प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई में 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा उनके कब्जे से कुल 372.26 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई।


🚨 तखतपुर-गनियारी बेल्ट बनी अवैध शराब का हॉटस्पॉट

तखतपुर  प्रभारी उप निरीक्षक धर्मेन्द्र शुक्ला के नेतृत्व में तखतपुर वृत्त में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
इस दौरान सौखीलाल पिता सादीलाल से 67 नग देशी मदिरा प्लेन, वहीं मनोज पिता बंशीलाल से 56 नग देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई।
इसके अलावा गनियारी तालाब क्षेत्र से 230 लीटर महुआ शराब और 3,630 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया। लाहन नष्ट करते हुए संबंधितों के खिलाफ गैर-जमानतीय अपराध पंजीबद्ध किया गया।


🔹 मस्तूरी, कोटा और हिर्री क्षेत्र में भी दबिश — शराब माफिया में हड़कंप

  • मस्तूरी वृत्त प्रभारी ऐश्वर्या मिंज ने ठाकुरदेवा गांव में दबिश देकर विनोद मिरी से 7.56 लीटर देशी मदिरा बरामद की।
  • कोटा वृत्त प्रभारी दिनेश ध्रुव ने ग्राम गोबरीपाट (थाना कोटा) के संतोष जोशी के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त कर उसे जेल भेज दिया।
  • वहीं सहायक जिला आबकारी अधिकारी छबि लाल पटेल ने थाना हिर्री अंतर्गत ग्राम कुरेली से प्रदीप पात्रे के कब्जे से 42 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की। आरोपी के खिलाफ गैर-जमानतीय अपराध दर्ज कर जेल दाखिल किया गया।

आंकड़े बोलते हैं — अक्टूबर में अब तक 664 लीटर शराब जब्त

आबकारी विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार,

  • माह अक्टूबर में अब तक 49 प्रकरण दर्ज किए गए हैं,
  • जिनमें 664.45 लीटर मदिरा और 2,165 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की कार्रवाई में
👉 818 प्रकरण दर्ज,
👉 5,986.98 लीटर शराब,
👉 50,865 किलो महुआ लाहन बरामद किया गया है।


त्योहारों से पहले सख्त निगरानी — कोई रियायत नहीं

आबकारी आयुक्त महोदया एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आगामी त्यौहारी मौसम में शराब माफिया, अवैध भंडारण व बिक्री पर शून्य सहनशीलता नीति अपनाई जाए।
सभी वृत्त प्रभारियों को उनके क्षेत्र में नियमित गश्त, निगरानी और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।


संदेश साफ — अवैध कारोबारियों के लिए अब कोई राहत नहीं!

बिलासपुर आबकारी विभाग की लगातार सख्त कार्रवाई ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि त्योहार के बहाने अवैध शराब बिक्री करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विभाग की कार्रवाई से ग्रामीण इलाकों में सक्रिय शराब माफिया में हड़कंप मचा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।