मो इसराइल बबलू
बिलासपुर, 14 अक्टूबर 2025।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सख्त नाराज़गी के बाद आखिरकार बिलासपुर खनिज विभाग ने अवैध खनन और परिवहन माफियाओं पर बड़ा शिकंजा कस दिया है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक चले विशेष अभियान में खनिज विभाग की टीम ने अवैध खनिज परिवहन करते 11 वाहनों को जब्त कर पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा है।
यह कार्रवाई कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश एवं उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में की गई। विभागीय सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में लगातार मिल रही शिकायतों और मुख्यमंत्री की नाराज़गी के बाद यह कार्रवाई तेज़ की गई है।



जिलेभर में चला अभियान — रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन पर लगाम
खनिज अमले ने जोगीपुर, रतनपुर, कोनी, सरकंडा, अशोक नगर, बिरकोना, निरतु, घुटकू, लमेर और लारिपारा क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बिना वैध अभिवहन पास के रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे 11 वाहनों को पकड़ा गया।
- जोगीपुर क्षेत्र: 03 ट्रैक्टर रेत से लदे पाए गए, जिन्हें जब्त कर थाना रतनपुर की अभिरक्षा में रखा गया।
- अशोक नगर क्षेत्र: रेत और गिट्टी के अवैध परिवहन करते 02 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, थाना सरकंडा और कोनी की अभिरक्षा में सौंपे गए।
- बिरकोना क्षेत्र: 01 हाइवा वाहन रेत से भरा पकड़ा गया, जिसे थाना कोनी में सुरक्षित रखा गया।
- लमेर क्षेत्र: रेत परिवहन करते 05 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना कोटा को सुपुर्द किया गया।
लगातार मिल रही थी शिकायतें — मुख्यमंत्री ने जताई थी सख्त नाराज़गी
बिलासपुर जिले में पिछले कई हफ्तों से रेत और गिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायतें मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच रही थीं।
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में खनिज विभाग और जिला प्रशासन को फटकार लगाते हुए अवैध खनन पर “तुरंत प्रभावी कार्रवाई” के निर्देश दिए थे।
इसी के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विशेष निगरानी दल गठित कर जिलेभर में अभियान चलाने के आदेश दिए।
खनिज विभाग का बयान — कार्रवाई जारी रहेगी
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, “जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। जहां से भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलेगी, तत्काल छापेमारी की जाएगी।”
🔹 ग्राउंड रिपोर्ट
- मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद खनिज विभाग की पहली बड़ी कार्रवाई।
- रेत माफिया और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क पर प्रशासन की सीधी नज़र।
- 11 वाहन ज़ब्त, कई चालक फरार बताए जा रहे हैं।
- स्थानीय पुलिस थानों को सुरक्षा जिम्मेदारी सौंपी गई।
अरपा की छाती हो रही छलनी
पर्यावरण कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिले में लंबे समय से रेत और गिट्टी का अवैध दोहन हो रहा है, जिससे नदियों का प्रवाह और पारिस्थितिकी प्रभावित हो रही है।
अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद की जा रही है कि ऐसे माफियाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई होगी।
अभियान जारी रहेगा या….
मुख्यमंत्री की सख्त नाराज़गी और प्रशासनिक दबाव के बाद अब यह स्पष्ट है कि सरकार खनिज माफियाओं पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।
जिले में चलाया गया यह अभियान एक “वॉर्निंग एक्शन” माना जा रहा है, जिसके बाद पूरे संभाग में इसी तरह की और कार्रवाइयों की तैयारी है।



