छात्र राजनीति से लेकर निगम नेता तक सक्रिय जनसेवक, संगठन को नई दिशा देने का दावा
बिलासपुर, 9 अक्टूबर 2025।
बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविंद्र सिंह ठाकुर ने अपनी दावेदारी पेश की है। पार्टी संगठन में लम्बे समय से सक्रिय रविंद्र सिंह ठाकुर छात्र राजनीति से लेकर नगर निगम तक के सफर में लगातार जनता के बीच रहकर कार्य करते आए हैं।
रविंद्र सिंह ठाकुर का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से ही शुरू हुआ। बिलासपुर संभाग के सबसे बड़े महाविद्यालय सीएमडी कॉलेज में वे छात्रसंघ सचिव रहे। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय अध्यक्ष चुने गए। छात्र संगठन में उनकी पकड़ और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें एनएसयूआई जिला ग्रामीण अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया, जहां उन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान की।
इसके पश्चात उन्होंने बिलासपुर नगर निगम में लगातार तीन बार पार्षद के रूप में जनता की सेवा की। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वे सदन में जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे। उनके संघर्षशील स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें बिलासपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस कार्यकाल में उन्होंने नगर की जनसमस्याओं को लेकर कई बार सड़क पर उतरकर आंदोलन किए और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाई।
संगठन में उनके निरंतर योगदान को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें प्रदेश सचिव बनाया। इसके साथ ही सरकार ने उन पर विश्वास जताते हुए छत्तीसगढ़ योग आयोग के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी दी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविंद्र सिंह ठाकुर की दावेदारी को बिलासपुर ग्रामीण क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन प्राप्त है। माना जा रहा है कि यदि उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की जिम्मेदारी दी जाती है, तो संगठन को एक नई दिशा और मजबूती मिलेगी।



