Latest news

हसदेव नदी में पिकनिक बना मौत का खेल, बिलासपुर एवं जांजगीर के पांच लोग बह गए – दो बचाए गए, तीन लापता

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

मो इसराइल


स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर दो लोगों की जान बचाई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बिलासपुर, जांजगीर चांपा – सोमवार शाम 5 बजे पंतोरा थाना क्षेत्र के देवरी गांव में हसदेव नदी ने अचानक अपना रूप बदल दिया और पांच लोगों को तेज धार में बहा ले गया। घटना के वक्त नदी में पिकनिक मना रहे युवक-युवतियों में से दो को स्थानीय लोगों ने जान पर खेलकर बचाया, जबकि तीन अभी भी लापता हैं।

पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा:
बचाए गए युवक और युवती ने बताया कि वे और उनके साथी बिलासपुर के सरकंडा इलाके के निवासी हैं और दायलबंध इलाके से घूमने आए थे। नदी में डूबे तीन लोग अंकुर कुशवाहा, स्वर्ण रेखा और आशीष भोई हैं। वहीं बचाए गए लोग लक्ष्मी शंकर (अकलतरा) और मोनिका सिन्हा (बिलासपुर) हैं। बलौदा तहसीलदार ने पुष्टि करते हुए कहा कि घटनास्थल पर जिला प्रशासन की टीम पहुंच रही है और लापता लोगों की खोजबीन के लिए जल्द ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन:
नगर सेना की गोताखोर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि, रात के समय अंधेरा और तेज धारा के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

मानसून में खतरे की चेतावनी:
जांजगीर चांपा में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी और नाले उफान पर हैं। जिला प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क कर रहा है कि वे नदी और नालों के पास न जाएँ, लेकिन बावजूद इसके कई लोग जोखिम उठाकर नदी किनारे जा रहे हैं।

विशेष सूचना:
लापता लोगों की खोजबीन में स्थानीय पुलिस, गोताखोर टीम और प्रशासनिक टीम पूरी ताकत झोंक रही है। प्रशासन ने अपील की है कि आसपास के लोग मदद करें और नदी किनारे जाने से बचें।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।