Latest news

तेज़ रफ्तार का कहर : कार की ठोकर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत, 8 साल का बेटा बेसहारा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

Mohammed israil

पंधी मार्ग पर दर्दनाक हादसा – आरोपी कार चालक गिरफ्तार, गांव में पसरा मातम

बिलासपुर, सीपत। सड़क पर रफ्तार की सनक ने एक बार फिर मासूम ज़िंदगियां निगल लीं। बुधवार सुबह सीपत थाना क्षेत्र के पंधी-मतियारी मार्ग पर उस वक्त दिल दहला देने वाला हादसा हो गया जब तेज़ रफ्तार कार ने ड्यूटी पर जा रहे सिक्योरिटी गार्ड को बेरहमी से कुचल डाला।

ग्राम जुहली निवासी फिरितदास महंत (39 वर्ष) रोज़ की तरह अपनी बाइक (सीजी 10 ईएल 9538) से बिलासपुर स्थित आकाश कोचिंग सेंटर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पर निकल रहे थे। जैसे ही वे मटियारी और पंधी के बीच पहुंचे, उसी दौरान लुतरा से तेज रफ्तार में आ रही कार (क्रमांक सीजी 10 यू 6353) ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि फिरितदास महंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी।

टीआई सतपथी की त्वरित कार्रवाई – आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंपा गया। वहीं कार चालक की पहचान लुतरा निवासी मोहम्मद ईरफान (20 वर्ष) पिता स्माइल खान के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मासूम से छिन गया पिता का साया

इस दर्दनाक हादसे ने जुहली गांव को गमगीन कर दिया है। मृतक फिरितदास महंत के घर पर कोहराम मचा हुआ है। 8 साल का बेटा अब हमेशा के लिए पिता के साये से वंचित हो गया। पत्नी की चीखें थमने का नाम नहीं ले रही, वहीं बूढ़े पिता और परिजन सदमे में हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र धीवर भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

तेज़ रफ्तार पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर लगातार तेज रफ्तार वाहन दौड़ते रहते हैं और प्रशासनिक नियंत्रण के अभाव में हादसे बढ़ते जा रहे हैं। यह ताज़ा दुर्घटना फिर साबित करती है कि लापरवाह ड्राइविंग और स्पीड का जुनून मासूमों की जान पर भारी पड़ रहा है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।