Latest news

धर्म नगरी रतनपुर में बवाल… कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के नवरात्र के पोस्टर हटाए जाने पर कांग्रेसियों और सीएमओ के बीच तीखी बहस

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

Mohammed israil


नगर पालिका परिषद रतनपुर सीएमओ पर भ्रष्टाचार के आरोप, पूर्व सीएम भूपेश बघेल से हुई शिकायत

Bilaspur बिलासपुर, रतनपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पर लगे भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोपों ने स्थानीय राजनीति को गर्मा दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि नगर में बिना कमीशन दिए कोई भी विकास कार्य आगे नहीं बढ़ता, जिससे महीनों से जनता परेशान है। विवाद तब और गहराया जब नवरात्रि पर्व के दौरान विधायक अटल श्रीवास्तव के बधाई पोस्टर और माता महामाया के धार्मिक पोस्टर हटवाए गए। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की गई।  इसकी शिकायत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी की गई है।


कमीशनखोरी का आरोप, काम ठप

कांग्रेस नेता शीतल जायसवाल ने सीएमओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हर कार्य पर 6 प्रतिशत कमीशन की मांग की जाती है। बिना कमीशन दिए टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी नहीं होते, यही वजह है कि नगर के छोटे-बड़े काम महीनों से अधर में लटके पड़े हैं।


नवरात्रि में पोस्टर विवाद से बढ़ा तनाव

विवाद ने धार्मिक रंग तब ले लिया जब नगर पालिका की ओर से न केवल विधायक अटल श्रीवास्तव के पोस्टर हटवाए गए, बल्कि माता महामाया मंदिर से जुड़े पोस्टरों को भी कचरा गाड़ी में फेंके जाने का प्रयास किया गया। कांग्रेसियों और स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक आस्था पर प्रहार बताया। विरोध प्रदर्शन बढ़ने पर आखिरकार तहसीलदार शिल्पा भगत को हस्तक्षेप करना पड़ा।


तहसीलदार का बयान

तहसीलदार शिल्पा भगत ने कहा कि, “पोस्टर को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिसे मौके पर जाकर शांत कराया गया। त्योहार के समय में सभी को शांति बनाए रखने की जरूरत है। अतिक्रमण की स्थिति पर नवरात्र के बाद अभियान चलाया जाएगा और पूरी निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की जाएगी।”


भाजपा पर मिलीभगत का आरोप

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सीएमओ सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहे हैं और विधायक अटल श्रीवास्तव की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी शिकायत सौंपी है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


सीएमओ का पक्ष

इस पूरे विवाद को लेकर सीएमओ खेल कुमार पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका।

आरोप

  • हर काम पर 6% कमीशन की मांग
  • टेंडर/वर्क ऑर्डर बिना कमीशन रुके
  • विकास कार्य ठप, जनता परेशान

🔹 पोस्टर विवाद

  • विधायक अटल श्रीवास्तव के पोस्टर हटाए गए
  • माता महामाया के धार्मिक पोस्टर हटाने का आरोप
  • स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत

🔹 प्रशासनिक हस्तक्षेप

  • तहसीलदार शिल्पा भगत ने कराया विवाद शांत
  • नवरात्र के बाद अतिक्रमण हटाने अभियान की घोषणा
  • कार्रवाई में निष्पक्षता बरतने का आश्वासन

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।