Mohammed israil
30 महिलाओं की जांच, शुरुआती लक्षण वाली मरीजों को दिया गया विशेष परामर्श
बिलासपुर, 19 सितम्बर 2025।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025) के तहत आज छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में महिला स्वास्थ्य एवं कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। दंत चिकित्सा विभागों के संयुक्त सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में महिलाओं को कैंसर से बचाव व उपचार संबंधी जानकारी दी गई।
आज के शिविर में लगभग 30 महिलाओं का कैंसर जांच किया गया। इनमें से 5–6 महिलाओं में शुरुआती लक्षण पाए गए, जबकि 1 महिला में एडवांस स्टेज का कैंसर चिन्हित हुआ। प्रभावित मरीजों को विस्तृत उपचार संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
मुख्य कैंसर रोगों की जानकारी
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि देश में महिलाओं में मुख्य कैंसर रोग —
- स्तन कैंसर
- गर्भाशय (बच्चेदानी) का कैंसर
- मुख कैंसर — प्रमुख रूप से पाए जाते हैं।
महिलाओं को मुख कैंसर के लक्षण, कारण और चेतावनी संकेतों से अवगत कराया गया। साथ ही जागरूकता पर्चे भी वितरित किए गए, ताकि वे स्वयं के साथ समाज को भी जागरूक कर सकें।
सिम्स की उपलब्धि
पिछले 7 वर्षों में सिम्स दंत चिकित्सा विभाग ने 42 मुख कैंसर मरीजों की सफल सर्जरी की है, जिनमें 14 महिलाएं और 28 पुरुष शामिल हैं।
चिकित्सकों का मार्गदर्शन
कार्यक्रम का संचालन दन्त रोग चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र कश्यप के मार्गदर्शन में हुआ। जांच कार्य में विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप प्रकाश, डॉ. जंडेल सिंह ठाकुर, डॉ. प्रकाश खरे ने सहयोग किया। मुख्य परामर्श व जांच डॉ. केतकी किनिकर, डॉ. हेमलता राजमणि और डॉ. सोनल पटेल द्वारा किया गया।
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर मरीजों को मुख की स्वच्छता और कैंसर से बचाव संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के विशेष दिशा-निर्देश में हुआ।
स्टाफ का योगदान
शिविर में सिस्टर प्रमिला और दंत विभाग के अन्य स्टाफ ने सक्रिय सहयोग दिया।



