Latest news

कांग्रेस विधायक के चक्काजाम के बाद प्रशासन हरकत में, योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, कोटा में कलेक्टर को मिला सब कुछ ओके, जानिए क्या है पूरा मामला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

Mohammed israil

बिलासपुर, 05 सितंबर 2025।
कोटा क्षेत्र में पिछले दिनों विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुए चक्काजाम और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भारी विरोध-प्रदर्शन के बाद आखिरकार जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। बड़ी संख्या में कांग्रेसियों की मौजूदगी में हुए विरोध ने इलाके की समस्याओं को सुर्खियों में ला दिया था। इसी दबाव के बीच शुक्रवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कोटा ब्लॉक के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों का सघन दौरा कर योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी।

कलेक्टर ने अपने दौरे की शुरुआत जोगीपुर गो अभ्यारण्य से की, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 184 एकड़ भूमि में विकसित किया जा रहा है। बीमार, अपाहिज और घुमंतू मवेशियों को सुरक्षित ठिकाना देने के उद्देश्य से यहां तेजी से निर्माण कार्य चल रहे हैं। अब तक 18 लाख से काऊ प्रोटेक्शन ट्रेंच और 17 लाख से 300 पशुओं के लिए शेड का निर्माण पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक पशुधन विकास को फेंसिंग का काम जल्द निपटाने और ग्रामीणों के साथ मिलकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर अग्रवाल ने कल्मीटार में राशन दुकान, चपोरा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, और कुरदर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। विद्यालय में 100 बच्चियां रह रही हैं, जिनके लिए कलेक्टर ने प्रोटीनयुक्त आहार और नियमित हीमोग्लोबिन जांच की व्यवस्था करने कहा। स्वास्थ्य केंद्र में दवा वितरण, लेबर रूम और अन्य सेवाओं की जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उतनी ही दवाईयां मंगाई जाएं, जितनी जरूरत हो, ताकि स्टॉक एक्सपायर न हो।

कुरदर में प्रधानमंत्री आवास योजना का भी जायजा लिया गया। कलेक्टर ने जान सिंह बैगा के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया और निर्देश दिया कि 162 में से सभी कार्य जल्द पूरे किए जाएं, जिनमें से 95 पीएम जनमन आवास हैं।

गांव कुरदर में पंचायत भवन पर चौपाल लगाकर कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। महिलाओं से महतारी वंदन योजना की किश्त, आधार-आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य शिविर और बच्चों के टीकाकरण की जानकारी ली। ग्रामीणों ने अधिकांश व्यवस्थाओं को लेकर संतोष जताया।

खास बातें :

  • विधायक अटल श्रीवास्तव ने कोटा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर किया था चक्काजाम।
  • कांग्रेसियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने प्रशासन पर दबाव बनाया।
  • कलेक्टर का दौरा उसी घटनाक्रम के बाद बेहद अहम माना जा रहा है।
  • जोगीपुर गो अभ्यारण्य में 18 लाख से ट्रेंच और 17 लाख से पशु शेड तैयार।
  • 162 पीएम आवास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जल्द पूरा करने के निर्देश।
  • चौपाल में महिलाओं से योजनाओं की किश्त और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

कांग्रेस की मांगें बनाम प्रशासन की कार्रवाई

कांग्रेस की मांगें (विधायक अटल श्रीवास्तव व कार्यकर्ता):

  • कोटा क्षेत्र की उपेक्षा बंद हो।
  • योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
  • अधूरे आवास व सड़क कार्य पूरे हों।
  • स्वास्थ्य व राशन व्यवस्था में सुधार।

प्रशासन की कार्रवाई (कलेक्टर का दौरा):

  • आधा दर्जन गांवों का निरीक्षण।
  • गो अभ्यारण्य, अस्पताल, छात्रावास और राशन दुकानों की जांच।
  • पीएम आवास योजना के 162 कार्यों की समीक्षा।
  • चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।