Latest news

आईजी ने ली पुलिस अधीक्षकों की क्लास, पेंडेंसी  खत्म करने का फरमान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

00पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने बिलासपुर रेंज के जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ की समीक्षा बैठक

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के: पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने आज बिलासपुर रेंज अंतर्गत आने वाले जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में लंबित अपराधों, मर्ग जांच, कानून-व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर की गई कार्यवाही की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस कल्याण और अनुशासन से जुड़े विषयों की समीक्षा कर संबंधित निर्देश दिए गए। वर्षांत से पहले लंबित अपराधों के अधिकतम निराकरण पर जोर दिया गया और गंभीर अपराधों सहित पिछले वर्षों के लंबित मामलों में समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, जिलों में गश्त-पेट्रोलिंग, अपराधियों की निगरानी, गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी, और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, आगामी माहों के लिए कार्य योजना तैयार करने और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में पुलिस बल में अनुशासन को बनाए रखने पर बल दिया गया। पुलिस अधीक्षकों को स्वायत्त पहल कर अनुशासनात्मक सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित पेंशन प्रकरणों, स्वत्वों का भुगतान, विभागीय जांच और शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

महिला और बच्चों से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही और अवैध अस्त्र-शस्त्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश भी दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में विशेष विश्लेषण और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया।

डॉ. शुक्ला ने इस बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पुलिस अधीक्षक अपने अधीनस्थ थानों के कार्यों की नियमित निगरानी करें और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें। उन्होंने पुलिस की उपस्थिति को प्रभावी बनाने और जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के लिए नियमित गश्त सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में उपस्थित अधिकारियों में बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, मुंगेली के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, सक्ती की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा शामिल रहे। रेंज कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और उप पुलिस अधीक्षक विकास पाटले भी इस बैठक में उपस्थित थे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।