
तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहने वाले तीनों मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद शॉर्टकट रास्ते से नदी पार कर घर लौटते समय तीनों बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। हादसे के बाद कल शाम से एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। शनिवार सुबह दो और बच्चों के शव मिलने के बाद तीनों की तलाश पूरी हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, पिता भुवनेश्वर जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल, पिता भुवनेश्वर जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल, पिता विजय जायसवाल स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे। तीनों बच्चे शॉर्टकट रास्ते से घोंघा नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बह गए।
एक शव कल मिला, दो आज बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने तत्काल नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कल शाम से ही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया था। अभियान के दौरान एक बच्चे का शव कल ही बरामद कर लिया गया था।
इसके बाद लापता दो अन्य बच्चों की तलाश में एसडीआरएफ ने रातभर अभियान जारी रखा। शनिवार सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए। इसके साथ ही हादसे में लापता तीनों बच्चों की तलाश पूरी हो गई।
एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के दो भाइयों के बच्चे थे। एक साथ तीन मासूमों की मौत की खबर से समडील गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर से ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं।
मृत बच्चों में अनमोल जायसवाल कक्षा केजी-2, जबकि स्तुति जायसवाल और शिक्षा जायसवाल कक्षा तीसरी में पढ़ती थीं। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे तखतपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।



