Latest news

राशि प्लांट छोड़ रहा जहरीला पानी… कोल वासरी डाल रहा जान आफत में, कलेक्टर ने ग्रामीणों को दिया जांच का भरोसा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

Mohammed israil


नहर टूटी, सड़कें जर्जर, नदी प्रदूषित—जनदर्शन में ग्रामीणों की समस्याओं से कलेक्टर हुए रूबरू

बिलासपुर, 19 अगस्त। साप्ताहिक जनदर्शन में आज ग्रामीणों की समस्याओं का अंबार लग गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सैकड़ों लोगों की बातें सुनीं और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड प्लांट से होने वाले प्रदूषण और कोल वेसरी ट्रकों से जर्जर सड़कों को लेकर सामने आईं।

ग्रामीणों ने कहा कि राशि प्लांट से लीलागर नदी में छोड़ा जा रहा जहरीला पानी और चिमनी से निकलने वाला धुआं स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है। बीमारियां बढ़ रही हैं। इस पर कलेक्टर ने उद्योग विभाग को जांच के आदेश दिए।

इसी तरह, तखतपुर जनपद की लोखंडी पंचायत के ग्रामीणों ने बताया कि कोल वेसरी ट्रक और हाईवा के लगातार संचालन से गांव की सड़कों का बुरा हाल हो गया है। स्कूल, आंगनबाड़ी और घरों के पास धूल व गड्ढों से हादसों का डर बना रहता है। कलेक्टर ने खनिज विभाग को मामले में कार्रवाई करने कहा।

अन्य प्रमुख शिकायतें

  • ग्राम साल्हेकापा (तखतपुर) : ग्रामीणों ने नहर की मरम्मत व सफाई की मांग की।
  • ग्राम ऊनी (मस्तूरी ब्लॉक) : सरपंच ने लीलागर नदी में एनीकेट निर्माण की मांग रखी ताकि जलस्तर न गिरे।
  • ग्राम लोखंडी (तखतपुर) : सड़क निर्माण के दौरान टूटी पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की गई। कलेक्टर ने इसे पीएचई विभाग को भेजा।
  • ग्राम पाराघाट (मस्तूरी) : ग्रामीणों ने राशि प्लांट से प्रदूषण रोकने व स्वास्थ्य सुरक्षा की मांग की।

कलेक्टर ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई कर जल संसाधन, खनिज, पीएचई और उद्योग विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


ग्रामीणों की 5 बड़ी शिकायतें

  1. राशि प्लांट से प्रदूषण – नदी और हवा दोनों प्रभावित।
  2. कोल वेसरी ट्रकों से जर्जर सड़कें – हादसे का खतरा।
  3. नहर की सफाई व मरम्मत – फसलों पर असर।
  4. एनीकेट निर्माण की मांग – पानी का संरक्षण जरूरी।
  5. पाइपलाइन टूटी, पेयजल संकट – ग्रामीण बेहाल।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।