






बिलासपुर।
बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) बिलासपुर ने तिफरा स्थित विद्युत मंडल कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेसजन मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए दरों में बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने की मांग की। विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ता लालटेन भी लेकर पहुंचे और अधिकारियों को सांकेतिक रूप से यह सौंपा ताकि उन्हें आम जनता की तकलीफें याद रहें।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष विजय केसरवानी के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की — “बिजली दर बढ़ोतरी वापस लो”, “किसानों-आम जनता से लूट बंद करो”, “अघोषित कटौती बंद करो” जैसे नारों से कार्यालय परिसर गूंज उठा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण आमजन और किसानों की जेब पर बोझ बढ़ता जा रहा है, जबकि बिजली की आपूर्ति अनियमित हो गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि बिजली संकट पर जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



