Bilaspur Chhattisgarh बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं, विशेषकर बिलासपुर जिले में। हालात की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि सभी लोग अनावश्यक गतिविधियों से बचें और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
बिलासपुर जिले में बीते 48 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई निचले इलाके जलमग्न हो चुके हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे के भीतर और अधिक बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उप पुलिस अधीक्षक रश्मित कौर चावला ने कहा कि बिलासपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने इस आपदा की घड़ी में नागरिकों से विशेष एहतियात बरतने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बिना जरूरी कारणों के घरों से बाहर न निकलें, और विशेष रूप से ऐसे इलाकों से दूर रहें जहां जलभराव या बिजली गिरने की संभावना हो सकती है।
प्रशासन ने निचले इलाकों, जल स्रोतों जैसे नदियों-नालों और बिजली के खंभों या खुले तारों के आसपास जाने से सख्त मना किया है। इसके साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तुरंत संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।
बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएस रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से अपील करते हुए कहा कि, “प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति में नागरिकों का सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी से संयम, समझदारी और जागरूकता की अपेक्षा करते हैं, ताकि किसी भी जान-माल की हानि को रोका जा सके।”
नगर निगम, आपदा प्रबंधन टीम और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया है।
छत्तीसगढ़ सरकार भी हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित जिलों से लगातार अपडेट ले रही है। आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।
📢 बिलासपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन की जनता से अपील 📢
प्रिय नागरिकगण,
जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनज़र, बिलासपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन आप सभी से यह अपील करता है कि आप सतर्क रहें और निम्नलिखित सावधानियों का पालन करें:
🔴 अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, फिसलन और दृश्यता में कमी हो सकती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
⚠️ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, कृपया ऐसे क्षेत्रों से दूरी बनाकर रखें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
⚡ खुले बिजली के तारों, खंभों और टूटे हुए पेड़ों के पास जाने से बचें। इनसे करंट लगने या अन्य हादसे हो सकते हैं।
🚫 नदियों, तालाबों, नालों और अन्य जल स्रोतों के निकट न जाएं। जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है, जिससे जान का खतरा हो सकता है।
📱 किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत 112 (आपातकालीन सेवा), (पुलिस), 101 (दमकल) या 108 (एम्बुलेंस) पर संपर्क करें।
🚓 पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। आपके सहयोग से ही हम सभी सुरक्षित रह सकते हैं।
🙏 आपसे अनुरोध है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल सरकारी सूचना स्रोतों पर ही भरोसा करें।
आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृपया धैर्य और समझदारी से काम लें।
आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क करें:
📞 जिला कंट्रोल रूम: 07752-220000
📞 बिलासपुर पुलिस कंट्रोल रूम: 94791-93999
📞 फायर ब्रिगेड: 101
📞 आपदा प्रबंधन: 112
नोट: कृपया अपने मोबाइल फोन चार्ज रखें, जरूरी दवाइयां और पीने का पानी पहले से तैयार रखें, और प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें।
आपका सहयोग ही सुरक्षा की गारंटी है।



