



बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मारपीट और धमकी के आरोपियों को घटना के महज दो घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को उनके मोहल्ले और घटना स्थल पर जुलूस के रूप में घुमाकर जनता में कानून-व्यवस्था का भरोसा कायम किया गया।
क्या है मामला
23 मई 2025 की रात करीब 10:30 बजे प्रार्थी अशोक गुप्ता के पुत्र शेखर गुप्ता पर कतियापारा स्थित उनके घर के सामने कुछ युवकों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोपियों ने हथियारों के साथ घर में घुसकर शेखर और उनके पिता अशोक गुप्ता को गंभीर चोटें पहुंचाईं। पीड़ितों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है।मामले की शिकायत पर अपराध क्रमांक 281/25 के तहत विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद सभद्रा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- शुभम सोनी (26)
- राहुल सिंह (24)
- मिथलेश सिंह (25)
- रोहन साहू (19)
- काव्यांशु विनोदीया (21)
पुलिस ने बरामद किए हथियार और वाहन
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडे, चाकू, मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गई। गांधी चौक और कतियापारा में आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए।
फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस ने आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकालकर आम जनता को न्यायिक प्रक्रिया में पुलिस की तत्परता का संदेश दिया। गिरफ्तार आरोपियों को 24 मई को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।