00 सरकंडा थाना क्षेत्र के अरपा नदी किनारे की जमीन का मामला गहराया
00 कांग्रेस नेता भी मौके पर थे मौजूद
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अरपा नदी किनारे शिव घाट के करीब स्थित एक जमीन को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। एक महिला वकील का आरोप है कि beltra विधायक सुशांत शुक्ला ने उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गली-गलौज किया ।यही नहीं उन्होंने पूरे परिवार को निपटने की धमकी दी। इसकी शिकायत पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायतकर्ता साधना जायसवाल, जो अधिवक्ता हैं, ने आरोप लगाया है कि उनकी निजी जमीन पर कब्जा करने और मारपीट करने की भी कोशिश की गई। वही इस मामले में विधायक सुशांत शुक्ला का कहना है कि महिला वकील और कांग्रेस नेता के आरोप झूठे हैं। यह सरकारी जमीन पर कब्जे का विवाद है। जिसकी शिकायत उनसे मोहल्लेवासियों ने की थी। इस मामले में गलत तरीके से सीमांकन होने के साथ ही प्रभावित जमीन का मुआवजा भी लेने का आरोप विधायक ने लगाया है।
महिला वकील की शिकायत के अनुसार, यह मामला उस जमीन का है जो शिकायतकर्ता की स्वामित्व में है। उक्त जमीन पर कब्जे के लिए पहले ही अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा आदेश पारित कर नाप-जोख की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बावजूद, विधायक और उनके साथियों पर आरोप है कि उन्होंने इस आदेश को नजरअंदाज करते हुए जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की।शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि मामला उच्च न्यायालय तक गया था, जहां अदालत ने उनके पक्ष में निर्णय दिया। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार, 31 दिसंबर 2024 को जमीन की नाप-जोख कर शिकायतकर्ता को कब्जा सौंपा गया था। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब उन्होंने इस अवैध कब्जे को रोकने का प्रयास किया, तो उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई।पीड़िता ने थाना सरकंडा में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में विधायक के पद का दुरुपयोग करने का आरोप भी लगाया गया है। इस मामले को पुलिस ने जांच में ले लिया है।



