00 कहा निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा की होगी ऐतिहासिक जीत
00 कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह


बिलासपुर। जिला पंचायत चुनाव को लेकर बिल्हा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने इस चुनाव में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने अपने क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य पद के भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों के साथ जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल कराया। नामांकन दाखिल करने वालों में प्रमुख रूप से तुलसी अशोक साहू, पुनीता डहरिया और गोविंद यादव शामिल थे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विधायक कौशिक के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यालय परिसर में भाजपा समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस मौके पर विधायक कौशिक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा का मजबूत जनाधार है और पार्टी ने ऐसे प्रत्याशियों का चयन किया है जो जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
धरमलाल कौशिक ने नामांकन के बाद कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा ग्रामीण विकास और जनहित को प्राथमिकता दी है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी जनता का आशीर्वाद पार्टी के साथ होगा। विधायक कौशिक के अनुसार, भाजपा प्रत्याशियों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और पार्टी ने क्षेत्र के विकास के लिए पहले ही कई ठोस कदम उठाए हैं। निकाय और पंचायत चुनाव में विधानसभा और लोकसभा चुनाव की तरह भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी।
00 प्रत्याशियों का हुआ भव्य स्वागत
नामांकन प्रक्रिया के बाद समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशियों का स्वागत किया और आगामी चुनाव में जीत का संकल्प लिया। बिल्हा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ने के साथ ही सभी दलों ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। अब देखना यह है कि जनता का विश्वास किसके पक्ष में जाता है।



