00 अशोक नगर क्षेत्र में मुरूम खदान के पास खून से लथपथ मिली थी लाश


बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में अशोक नगर क्षेत्र के मुरूम खदान के पास गुरुवार सुबह एक खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खगेंद्र ठाकुर उर्फ चंदवा गोलू के रूप में हुई, जो अशोक नगर के अटल आवास इलाके में रहता था। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक नशे और जुए की लत का शिकार था और आए दिन मोहल्ले में झगड़े करता था। हत्या के पीछे नशे में हुए विवाद या जुए के पैसे के लेनदेन की वजह सामने आ रही है।
गर्भवती पत्नी छोड़ चुकी थी साथ, तीन बच्चों का पिता था मृतक
खगेंद्र ठाकुर मस्तूरी के लिमतरा का मूल निवासी था। उसकी आदतों से परेशान होकर उसकी गर्भवती पत्नी उसे छोड़कर तीन बच्चों के साथ अलग रह रही थी। मोहल्ले में नशेबाजों का जमावड़ा और उसके विवादों की खबरें आम थीं।
चाकू से गले पर वार कर की गई हत्या
मृतक के गले और शरीर पर चाकू के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, खगेंद्र को आखिरी बार रात 11 बजे के आसपास देखा गया था। माना जा रहा है कि हत्या इसी के बाद हुई।
जुए के लेनदेन से जुड़ा विवाद या नशे में हत्या?
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक जुए का आदी था और पैसे के लेनदेन को लेकर उसका विवाद था। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जल्द सुलझेगा मामला
हत्या की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सर्च डॉग और फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी उदयन बेहार ने दावा किया है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



