Latest news

राम के नाम पर वोट लेने वाली भाजपा सरकार अब रामसेतु के नाम से स्वीकृत राशि का उद्देश्य बदल रही : सुधांशु मिश्रा, शैलेश पांडे बोले- राम के नाम पर पैसा लिया और अब ऑडिटोरियम संवारेंगे, पूर्व महापौर ने याद दिलाया- कांग्रेस ने कराया था पुल का नामकरण

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
13 Min Read

बिलासपुर। भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के शासन में अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि को दूसरे कामों में खर्च करने की तैयारी ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। अरपा नदी पर बने रामसेतु को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना अब ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। जिस परियोजना के लिए शासन ने राशि स्वीकृत की, डीपीआर तैयार हुआ और टेंडर तक जारी किया गया, उसे बंद कर अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर पैसा खर्च करने की योजना बनाई गई है। इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने साफ चेतावनी दी है कि रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि को दूसरी जगह खर्च नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा।


इसी मुद्दे पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर भाजपा सरकार, नगर निगम की महापौर और निगम प्रशासन को घेरा। पत्रकार वार्ता में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, पूर्व विधायक शैलेश पांडे, पूर्व महापौर रामशरण यादव, कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भारत कश्यप और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब शासन ने रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए अलग से 2.63 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे तो फिर उस राशि का उपयोग दूसरे कामों में करने का फैसला क्यों लिया जा रहा है? क्या नगर निगम की अंदरूनी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के कारण शहर की एक महत्वपूर्ण परियोजना को बंद किया जा रहा है?


राम के नाम पर वोट बटोरते हैं, अब उसी नाम की राशि दूसरी जगह लगा रहे : सुधांशु मिश्रा
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि श्रीराम के नाम पर वोट बटोरने और राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले लोग अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि को दूसरे कामों में लगाने की तैयारी कर रहे हैं। यह जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है। रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और इसके सौंदर्यीकरण के लिए राशि भी इसी उद्देश्य से स्वीकृत की गई थी। फिर इस राशि का उद्देश्य बदलने का अधिकार किसे है?


उन्होंने कहा कि भाजपा के भीतर आपसी खींचतान और मुर्गा लड़ाई चल रही है। इसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। एमआईसी में सदस्यों की आपसी लड़ाई के कारण महत्वपूर्ण परियोजना बंद हो गई। मिश्रा ने आरोप लगाया कि ये लोग भगवान श्रीराम के भक्त नहीं हैं, बल्कि सत्ता में बने रहने के लिए श्रीराम के नाम का इस्तेमाल करते हैं। कांग्रेस इस फैसले का विरोध करेगी और रामसेतु के लिए स्वीकृत राशि को उसी परियोजना पर खर्च करने की मांग करेगी।


कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था पुल का नामकरण, भाजपा भगवान के नाम पर जनता से कर रही ठगी : रामशरण यादव
पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान अंग्रेजों के जमाने में बने पुराने पुल का नामकरण रामसेतु किया गया था। इस संबंध में नगर निगम में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ था। अब उसी रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि को दूसरी जगह खर्च करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भगवान के नाम पर जनता के साथ ठगी कर रही है। जब राशि रामसेतु के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए मिली है तो उसका उपयोग भी उसी काम में होना चाहिए।


राम के नाम पर वोट लिया, पैसा लिया और अब काम लखीराम ऑडिटोरियम में करना चाहते हैं : शैलेश पांडे
पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर जनता से वोट लिया। रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए पैसा भी स्वीकृत हुआ, लेकिन अब उस राशि से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन का काम कराने की तैयारी है। यह भगवान श्रीराम के नाम और जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अयोध्या के मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों से लेकर अब रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि का उद्देश्य बदलने तक भाजपा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करना और फिर उन्हीं के नाम से स्वीकृत राशि को दूसरी जगह खर्च करना पाप है। कांग्रेस रामसेतु के साथ अन्याय नहीं होने देगी। जिस उद्देश्य से राशि स्वीकृत हुई है, उसी उद्देश्य से उसका उपयोग होना चाहिए।
रामसेतु के लिए स्वीकृत पैसा सेतु पर ही खर्च हो, कांच वाला सेतु बनाएं : महेंद्र गंगोत्री
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर हमला बोलते हुए कहा कि रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि का उपयोग रामसेतु पर ही होना चाहिए। जिस काम के लिए पैसा मिला है, उसे किसी दूसरे काम में खर्च करने की तैयारी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि रामसेतु का ऐसा सौंदर्यीकरण होना चाहिए, जिससे यह शहर की पहचान बने। कांग्रेस की मांग है कि पुल को आकर्षक स्वरूप दिया जाए और कांच वाला सेतु बनाया जाए।
विजय पांडे का भाजपा पर हमला: रामसेतु की राशि का मद परिवर्तन जनता के साथ धोखा



शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे ने रामसेतु सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि का मद परिवर्तन किए जाने की तैयारी पर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से शासन ने राशि स्वीकृत की है, उसका उपयोग उसी काम में होना चाहिए। रामसेतु की सौंदर्यीकरण योजना बंद कर राशि को लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन में खर्च करने की तैयारी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। शहर की पहचान और आस्था से जुड़े रामसेतु के विकास की राशि का उद्देश्य बदलना उचित नहीं है। कांग्रेस इस फैसले का विरोध करेगी और राशि रामसेतु के सौंदर्यीकरण पर ही खर्च करने की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।


क्या था रामसेतु सौंदर्यीकरण का पूरा प्लान?
रामसेतु पुल के सौंदर्यीकरण का यह बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट शहर के महत्वपूर्ण विकास कार्यों में शामिल था। राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को इसके लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की मंजूरी दी थी। योजना के तहत पुल को अयोध्या की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी थी। पिल्लेवार एसोसिएट ने इसका विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया था। एमआईसी से प्रस्ताव पारित होने के बाद टेंडर भी जारी किया गया था। इसके बावजूद परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी और अब इसे बंद करने का फैसला लिया गया है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार पुल के दोनों ओर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाने थे। एक प्रवेश द्वार मेट्रो स्टूडियो के पास और दूसरा अरपापार की तरफ प्रस्तावित था। दोनों द्वारों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाना था। पुराने पुल पर मिशन अमृत योजना के तहत डाली गई पाइपलाइन को एमएस स्ट्रक्चर से कवर करने की योजना थी। पाइपलाइन के आसपास लेजर लाइटिंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित थी।
पुल के बीच में करीब 15 धार्मिक प्रतिमाएं स्थापित की जानी थीं। दीवारों पर रामायण और हनुमान चालीसा की चौपाइयां और श्लोक लिखे जाने थे। पुल के नीचे फसाड लाइटिंग लगाई जानी थी, जिससे अरपा नदी में पानी रहने पर रोशनी का प्रतिबिंब दिखाई देता और रात में पूरा पुल आकर्षक नजर आता। इस योजना के पूरा होने पर रामसेतु धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से शहर का प्रमुख आकर्षण बन सकता था।
एमआईसी की बैठकों में खींचतान, दो साल तक अटकी रही फाइल
इस परियोजना को लेकर नगर निगम की एमआईसी में लंबे समय तक खींचतान चलती रही। कई बैठकों में इसे लेकर विवाद और हंगामे की स्थिति बनी। आरोप है कि एमआईसी सदस्यों के बीच आपसी मतभेद और राजनीतिक खींचतान के कारण पूरी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। डीपीआर तैयार होने और टेंडर जारी होने के बावजूद परियोजना अधर में लटकी रही। अब इसे पूरी तरह बंद कर राशि को दूसरे कार्यों में लगाने की तैयारी है। यही मुद्दा कांग्रेस के विरोध का मुख्य आधार बना है।
टूटे झूले, कुर्सियां और खराब उपकरण बदलने में खर्च होगी राशि
रामसेतु परियोजना बंद करने के बाद नगर निगम अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन को संवारने की तैयारी में है। महापौर पूजा विधानी के मुताबिक रामसेतु प्रोजेक्ट बंद कर दिया गया है और अब उस राशि का उपयोग इन दोनों स्थानों के सौंदर्यीकरण में किया जाएगा।
प्रस्तावित कार्यों में लखीराम ऑडिटोरियम की टूटी कुर्सियां बदलना, नए सोफे लगाना, हॉल का पुराना कारपेट बदलना और खराब लाइटों की जगह नई लाइटें लगाना शामिल है। इसके अलावा अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जाएंगे। कंपनी गार्डन में टूटे झूले और खराब उपकरण बदले जाएंगे। ओपन एयर जिम के खराब या टूटे उपकरणों को भी नया लगाया जाएगा। इन कार्यों के लिए निगम नए सिरे से टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है।
महापौर बोलीं- फैसला हो चुका, जल्द शुरू होंगे नए काम
महापौर पूजा विधानी ने कहा है कि रामसेतु प्रोजेक्ट को बंद कर दिया गया है। अब उस राशि का उपयोग लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन को संवारने में किया जाएगा। इस संबंध में फैसला ले लिया गया है और जल्द ही नए काम शुरू होंगे।
अब निगम से कांग्रेस के पांच सवाल
रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि का उद्देश्य बदलने का निर्णय किस स्तर पर लिया गया?
जब डीपीआर तैयार हो चुका था, एमआईसी से प्रस्ताव पारित हो गया था और टेंडर भी जारी हो चुका था, तब परियोजना बंद करने की वजह क्या है?
क्या इस परियोजना को बंद करने से पहले शासन से अनुमति ली गई है?
रामसेतु परियोजना पर अब तक डीपीआर, टेंडर और अन्य प्रक्रियाओं में कितना खर्च हुआ?
क्या शहर की पहचान से जुड़ी इस परियोजना को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा?
क्रमबद्ध आंदोलन की चेतावनी, अब सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि रामसेतु के नाम पर स्वीकृत राशि को किसी दूसरे काम में खर्च करने का फैसला वापस लिया जाना चाहिए। पार्टी की मांग है कि शासन और नगर निगम प्रशासन रामसेतु के सौंदर्यीकरण की मूल योजना को बहाल करें और स्वीकृत राशि उसी परियोजना पर खर्च करें। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि मांग नहीं मानी गई तो क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ऐसे में रामसेतु का सौंदर्यीकरण अब केवल नगर निगम की विकास परियोजना नहीं, बल्कि भाजपा और कांग्रेस के बीच नया राजनीतिक टकराव बनता नजर आ रहा है।

खबर में अपडेट जारी है

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।