मरीजों के बेहतर उपचार और पुनर्वास के लिए टीमवर्क जरूरी, कैंसर मरीजों की जिंदगी में फिजियोथेरेपी की भूमिका पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी


बिलासपुर। चिकित्सा के क्षेत्र में फिजियोथेरेपी की बढ़ती अहमियत और मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच समन्वय कितना जरूरी है, इसका संदेश गुरुवार को शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर के छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘प्रारंभ–2026’ के शुभारंभ अवसर पर दिया गया। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए नवप्रवेशित बीपीटी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, व्यावसायिक नैतिकता, शैक्षणिक गतिविधियों और एक कुशल फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में उनकी भावी जिम्मेदारियों से परिचित कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति उपस्थित रहे। उनके साथ एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. शिक्षा जांगड़े, बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. विभा टंडन, माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा बरापात्रे, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता ठाकुर, कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव, माइक्रोबायोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सागरिका प्रधान, फिजियोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजू जॉय, शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल, नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण महिलांगे, महाविद्यालय के शिक्षकगण और नवप्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे।
आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका अहम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी की भूमिका लगातार विस्तृत हो रही है। मरीजों के उपचार, पुनर्वास और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित न रहते हुए समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और मानवीय संवेदनाओं के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा में मरीज की जरूरतों को समझना और उसके प्रति संवेदनशील रहना भी उतना ही जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य ने सिम्स अधिष्ठाता के सहयोग को बताया महत्वपूर्ण
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने सिम्स अधिष्ठाता डॉ. मूर्ति सहित सभी विभागाध्यक्षों और शिक्षकगणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय के शुरुआती चरण से ही डॉ. मूर्ति ने तत्परता, सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना के साथ मार्गदर्शन दिया है, जो संस्थान के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय के अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही उन्हें व्यावहारिक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि ‘प्रारंभ–2026’ उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन की एक नई एवं महत्वपूर्ण शुरुआत है।
एक मरीज, कई विशेषज्ञ और एक साझा लक्ष्य… टीमवर्क से बेहतर होगा उपचार
कार्यक्रम के पहले दिन का मुख्य शैक्षणिक सत्र ‘मल्टीडिसिप्लिनरी टीम अप्रोच’ यानी बहुविषयक चिकित्सा टीम की कार्यप्रणाली पर केंद्रित रहा। इस विषय पर कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में किसी मरीज का उपचार केवल एक विशेषज्ञ के भरोसे नहीं होता। बेहतर उपचार के लिए चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, पोषण विशेषज्ञ और अन्य स्वास्थ्य पेशेवर एक समन्वित टीम के रूप में काम करते हैं। सभी का साझा उद्देश्य मरीज की जरूरतों के अनुरूप उपचार की योजना तैयार करना और उसे बेहतर स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता की ओर ले जाना होता है।
कैंसर मरीजों के लिए फिजियोथेरेपी किसी संजीवनी से कम नहीं
डॉ. ध्रुव ने विशेष रूप से कैंसर मरीजों के उपचार और पुनर्वास में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया। उन्होंने बताया कि कैंसर और उसके उपचार के दौरान सर्जरी, कीमोथेरेपी तथा रेडियोथेरेपी के बाद मरीजों को कई तरह की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इनमें शारीरिक कमजोरी, थकान, दर्द, जोड़ों में जकड़न, लिम्फेडेमा, सांस संबंधी समस्याएं और रोजमर्रा की गतिविधियां करने में कठिनाई प्रमुख हैं।
ऐसी स्थिति में फिजियोथेरेपी मरीज की शारीरिक क्षमता, चलने-फिरने की क्षमता, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में अहम योगदान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि फिजियोथेरेपिस्ट और मेडिकल विशेषज्ञों के बीच बेहतर तालमेल एवं संवाद ही प्रभावी, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित उपचार की असली आधारशिला है।
छह दिनों तक विशेषज्ञों से रूबरू होंगे विद्यार्थी
‘प्रारंभ–2026’ के आगामी सत्रों में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी प्रोफेशन के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित काउंसिल एवं नियामक संस्थाओं की जानकारी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों तथा विभिन्न विभागों के शिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यह छह दिवसीय आयोजन महज नए विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और कॉलेज की व्यवस्था से परिचित कराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, संवेदनशील, कुशल और टीम भावना के साथ काम करने वाले भावी स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ‘प्रारंभ–2026’ के शुभारंभ के साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यावसायिक जीवन की नई यात्रा शुरू हो गई है।
