Latest news

बेलतरा में विकास को मिली ₹18.96 करोड़ की मंजूरी, सड़क-नाली से लेकर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तक होंगे काम

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में शहरी विकास को लेकर बड़ी स्वीकृति मिली है। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक-7 में 18 करोड़ 96.08 लाख रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में मिली इस स्वीकृति के तहत सड़क, नाली, विद्युतीकरण और व्यावसायिक अधोसंरचना से जुड़े काम किए जाएंगे।
स्वीकृत कार्यों में सबसे बड़ा काम माता करमा चौक से मोपका बायपास तक सड़क, नाली एवं विद्युतीकरण का है। इसके लिए 9 करोड़ 38.44 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इस मार्ग के विकास से क्षेत्र में आवागमन और यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
खमतराई रोड के लिए 4.58 करोड़
जोन-7 के अंतर्गत खमतराई रोड में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 4 करोड़ 58.39 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। सड़क निर्माण से स्थानीय आवागमन सुगम होगा, वहीं नाली निर्माण से बारिश के दौरान जलभराव और जल निकासी की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
चाटीडीह में बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
विकास कार्यों में चाटीडीह में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण भी शामिल है। इसके लिए 4 करोड़ 99.25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। कॉम्प्लेक्स बनने से क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होने की उम्मीद है।
निगम के लिए 38.23 करोड़ की स्वीकृति
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत नगर पालिक निगम बिलासपुर के लिए कुल 38 करोड़ 23.82 लाख रुपए के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसमें जोन-7 को 18 करोड़ 96.08 लाख रुपए मिले हैं। वहीं जोन-8 के लिए 3 करोड़ 90.98 लाख रुपए के कार्यों को मंजूरी दी गई है।
विधायक ने जताया आभार
विधायक सुशांत शुक्ला ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा के शहरी क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है। जोन-7 के लिए मिली 18.96 करोड़ रुपए की स्वीकृति क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, विद्युतीकरण और व्यावसायिक अधोसंरचना से जुड़े इन कार्यों का सीधा लाभ नागरिकों को मिलेगा। बेलतरा को आधुनिक और सुविधायुक्त विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।