सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग, बोले- त्योहारों के बीच भी परेशानी झेल रहे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोग
बिलासपुर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़कों, जगह-जगह गड्ढों, धूल और प्रकाश व्यवस्था की कमी को लेकर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य एवं जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते नगरवासी और ग्रामीण धूल, कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। सड़कों की मरम्मत और नए निर्माण नहीं होने से आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रविंद्र सिंह ने कहा कि शहर में जगह-जगह सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं, जिनके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खराब सड़कों से वाहनों के गुजरने पर धूल का गुबार उड़ता है। इससे राहगीरों के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़कों की बदहाल स्थिति का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है, लेकिन अब तक मरम्मत और नव निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने शहर के साथ उससे लगे ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रकाश व्यवस्था की कमी का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों की खराब स्थिति और प्रकाश व्यवस्था की कमी के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
त्योहारों के बीच व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल
रविंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान में लगातार त्योहारों का दौर चल रहा है। गणेश पूजा के बाद नवरात्रि, पितृपक्ष, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने हैं। ऐसे समय में सड़कों की मरम्मत, नए निर्माण और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके बावजूद बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार नहीं होने से आम जनमानस में आक्रोश है।
उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़कों की मरम्मत एवं नव निर्माण का काम शीघ्र शुरू कराने और शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क पर उतरेंगे
रविंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन जनहित में सड़क निर्माण और प्रकाश व्यवस्था की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं करता है, तो वे जनता को साथ लेकर आंदोलन करने और सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।



