‘हमर पहुना’ में महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलपति ने साझा की संघर्ष से सफलता तक की कहानी, बोले- शिक्षा ने बदली जिंदगी
बिलासपुर। पिता का छह साल की उम्र में निधन हो गया। मां ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं थीं, इसलिए परिवार चलाने के लिए मजदूरी की। आर्थिक मुश्किलों के बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकने दी। मां के संघर्ष से प्रेरणा लेकर डॉ. नरेश तिवारी ने भी बाल अवस्था से मजदूरी करते हुए पढ़ाई जारी रखी। कक्षा छठवीं से पीएचडी तक शासन की छात्रवृत्ति के सहारे शिक्षा पूरी की और वैज्ञानिक से लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति तक का सफर तय किया।


महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (MUMT), बिलासपुर के कुलपति डॉ. नरेश तिवारी ने रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपने जीवन के संघर्ष, वैज्ञानिक जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में किए गए काम और विश्वविद्यालय की भविष्य की योजनाओं को साझा किया।
मां ने मजदूरी कर पढ़ाया, छात्रवृत्ति बनी सहारा
डॉ. तिवारी ने बताया कि उनका जन्म बुंदेलखंड के सागर जिले में हुआ। छह साल की उम्र में पिता का निधन हो गया था। इसके बाद मां ने मजदूरी कर परिवार संभाला और बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने भी पढ़ाई के साथ मजदूरी की। कक्षा छठवीं से पीएचडी तक उन्हें शासन की छात्रवृत्ति मिलती रही। इसी आर्थिक सहायता के सहारे उन्होंने उच्च शिक्षा पूरी की।
उन्होंने सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय को अपनी शिक्षा यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया। कहा कि यदि डॉ. हरिसिंह गौर ने अपनी निजी कमाई से विश्वविद्यालय की स्थापना नहीं की होती तो शायद उनकी शिक्षा का सफर भी इस मुकाम तक नहीं पहुंचता। उन्होंने डॉ. गौर को नमन करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति की परिस्थितियां बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है।
एमटेक करने के बाद उन्होंने रिमोट सेंसिंग में पीएचडी की और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद में वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया।
बिलासपुर के गांव-गांव जाकर किया अध्ययन
वैज्ञानिक के रूप में काम करते हुए डॉ. तिवारी का बड़ा कार्यक्षेत्र छत्तीसगढ़ रहा। उन्होंने बिलासपुर जिले के भूगोल और भौगोलिक संरचना का अध्ययन किया और जिले के गांव-गांव तक पहुंचे। कोरबा में खनन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभावों का अध्ययन किया। खनन के बाद पर्यावरण पर पड़ने वाले असर के साथ कंपनियों द्वारा किए गए पौधरोपण और अन्य उपचारात्मक कार्य कितने प्रभावी रहे, इसका भी अध्ययन किया।
जबलपुर और बस्तर में खनिज अन्वेषण से जुड़े कार्यों में भी उन्होंने योगदान दिया। वैज्ञानिक के रूप में पुरस्कार और उपलब्धियां मिलने के बावजूद उनके मन में एक सवाल लगातार बना रहा कि उनके जाने के बाद उनके काम को आगे कौन बढ़ाएगा। इसी सोच ने उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित किया।
2008 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर शिक्षा क्षेत्र में आए
डॉ. तिवारी ने बताया कि वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग होने के बाद उन्हें सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया। वहां दो वर्ष प्राध्यापक के रूप में काम करने के दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा व्यवस्था को करीब से समझा। इसके बाद वर्ष 2008 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर वे पूरी तरह शिक्षा क्षेत्र में आ गए।
इसके बाद उन्होंने ओरिएंटल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स और बंसल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति को बड़ी चुनौती बताया। एक संस्थान में कम उपस्थिति वाले 238 विद्यार्थियों को नियमों के तहत डिटेन करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि दबाव के बावजूद नियमों से समझौता नहीं किया गया। बाद में विद्यार्थियों की उपस्थिति और अनुशासन में बदलाव देखने को मिला।
कई विश्वविद्यालयों की स्थापना में निभाई भूमिका
डॉ. तिवारी ने बताया कि ओरिएंटल विश्वविद्यालय, श्याम बिहारी विश्वविद्यालय, मध्य छत्तीसगढ़ विश्वविद्यालय, श्रीकृष्ण विश्वविद्यालय और आर्या विश्वविद्यालय की स्थापना में उन्होंने संस्थापक सलाहकार के रूप में योगदान दिया। इसके अलावा बिलासपुर विश्वविद्यालय और छविंद्र विश्वविद्यालय में कुलपति के रूप में भी कार्य किया।
छह माह में 13 संस्थाओं से एमओयू, दो यूके पेटेंट
महर्षि यूनिवर्सिटी में करीब छह माह के कार्यकाल की उपलब्धियां बताते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि इस अवधि में 13 विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। इनमें बीएनआई, जनजातीय अनुसंधान एवं विज्ञान केंद्र नई दिल्ली और क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालय शामिल हैं। इन संस्थाओं के साथ नवाचार, अनुसंधान और जनजातीय समाज से जुड़े विषयों पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से जुड़े दो महत्वपूर्ण पेटेंट यूके में पंजीकृत हुए हैं। इनमें एक कंप्यूटर डिवाइस और दूसरा एआई आधारित डिवाइस शामिल है। इनके उपयोग और आगे के अनुसंधान पर काम किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने इस दौरान 30 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। वहीं 13 से अधिक पुस्तक अध्याय और पुस्तकें भी प्रकाशित हुई हैं।
आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर
डॉ. तिवारी ने कहा कि महर्षि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल आधुनिक शिक्षा तक सीमित रहना नहीं है। विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, वेद, ध्यान और भारतीय मूल्यों को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महर्षि महेश योगी ने भारतीय ज्ञान परंपरा को दुनिया के 117 देशों तक पहुंचाया और विश्वविद्यालय भी इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. तिवारी ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए और अपने वैज्ञानिक जीवन, शिक्षा व्यवस्था, विश्वविद्यालय प्रशासन, अनुसंधान तथा भविष्य की योजनाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।



