हमले में घायल कांग्रेस नेता का जाना हाल, सिंहदेव बोले- जल्द सक्रिय हों कार्यकर्ता; बदहाल सड़कों और स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर साधा निशाना
बिलासपुर। संगठन सृजन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस नेता श्याम कश्यप के घर पहुंचकर पिछले दिनों हुए हमले की जानकारी ली। सिंहदेव ने श्याम कश्यप के स्वास्थ्य का हाल जाना और जल्द स्वस्थ होकर फिर कांग्रेस के काम में सक्रिय होने की शुभकामनाएं दीं। श्याम कश्यप ने बताया कि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वे जल्द ही सक्रिय रूप से पार्टी के कार्यों में जुटेंगे। इसके बाद सिंहदेव संगठन सृजन कार्यक्रम में शामिल हुए और ब्लॉक स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क मजबूत करने के टिप्स दिए।
श्याम कश्यप के घर पहुंचे सिंहदेव, बोले- जल्द सक्रिय हों
सिंहदेव ने कांग्रेस नेता श्याम कश्यप से उनके निवास पर मुलाकात की। पिछले दिनों उन पर हुए हमले को लेकर उन्होंने घटना की जानकारी ली और स्वास्थ्य के बारे में पूछा। इस दौरान श्याम कश्यप ने बताया कि उनकी स्थिति अब बेहतर है। उन्होंने जल्द ही सामान्य रूप से कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय होने की बात कही। सिंहदेव ने उनके शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।
संगठन सृजन में कार्यकर्ताओं को दिए जनसंपर्क के टिप्स
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए संगठन सृजन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को सिंहदेव एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जनता से लगातार संवाद बनाए रखने और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने की सलाह दी।
सड़क बनाने वाले अफसरों की भी तय हो जिम्मेदारी
बिलासपुर की बदहाल सड़कों को लेकर सिंहदेव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने पर केवल ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। सड़क निर्माण की रूपरेखा और तकनीकी योजना तैयार करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहले सड़कें बीच से ऊंची और दोनों तरफ ढलान वाली बनाई जाती थीं, जिससे बारिश का पानी आसानी से निकल जाता था। अब कई जगह सड़कें नीची हैं और आसपास घरों का निर्माण हो गया है। इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा होता है और जलभराव की समस्या बढ़ रही है।
स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल
स्मार्ट मीटर को लेकर सिंहदेव ने कहा कि कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कई गुना बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से इन शिकायतों की जांच और उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।



