Latest news

सेजेस पंधी में व्याख्याता शुभाश्री साहू को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

शुभाश्री होनहार व समर्पित शिक्षक थी- प्राचार्य

बिलासपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पंधी में अंग्रेजी व्याख्याता स्वर्गीय शुभाश्री साहू के दिनांक 18 जुलाई 2026 को हुए आकस्मिक निधन पर सोमवार को विद्यालय परिसर में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम के गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा शुभाश्री मैडम के पूर्व छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय शर्मा ने स्वर्गीय शुभाश्री साहू को याद करते हुए कहा कि वे वर्ष 2010 से विद्यालय में पदस्थ थीं तथा एक अत्यंत होनहार, अनुभवी, कर्मनिष्ठ एवं समर्पित शिक्षिका थीं। उन्होंने विद्यालय में अनेक शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके आकस्मिक निधन से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं हो सकेगी।

विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष श्री राधेश्याम मिश्रा ने भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि शुभाश्री साहू का शिक्षण कार्य सदैव प्रेरणादायी रहा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर शुभाश्री मैडम के पूर्व छात्र-छात्राओं ने भी अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि मैडम की अंग्रेजी विषय पर असाधारण पकड़ थी तथा वे कठिन से कठिन विषय को भी सरलता से समझाती थीं। उनका विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार सदैव मातृत्वपूर्ण, स्नेहिल एवं प्रेरणादायक रहता था। वे केवल एक उत्कृष्ट शिक्षिका ही नहीं, बल्कि बच्चों की मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी थीं।

विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उनके साथ बिताए गए अविस्मरणीय क्षणों को याद करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक रहा। अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की गई। पूरे संकुल पंधी से शिक्षकों ने उन्हें भावपूर्ण श्राद्धाजंलि दी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।