Latest news

पंच से संसद, फिर केंद्र सरकार तक… बिलासपुर में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का विजन; विकास, संगठन और जनसेवा के सफर का रखा पूरा रोडमैप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
6 Min Read

बी ग्रेड सिटी पर बोले बिलासपुर का हर सपना मेरा संकल्प

बिलासपुर, 16 जुलाई। बिलासपुर प्रेस क्लब के संवाद मंच “हमर पहुना” में गुरुवार को भारत सरकार के केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने अपने राजनीतिक सफर, केंद्र सरकार की विकास प्राथमिकताओं और बिलासपुर के भविष्य के विजन को विस्तार से सामने रखा। पत्रकारों के साथ खुली बातचीत में उन्होंने गांव के पंच से लेकर केंद्र सरकार में मंत्री बनने तक की यात्रा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही विकास योजनाओं और बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में विकसित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की शुरुआत बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा एवं पदाधिकारियों द्वारा केंद्रीय मंत्री का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किए जाने से हुई। इसके बाद आयोजित संवाद सत्र में पत्रकारों ने विकास, राजनीति, बुनियादी ढांचे, भाषा, आवास, रेलवे और स्थानीय मुद्दों सहित कई विषयों पर सवाल पूछे, जिनका केंद्रीय मंत्री ने विस्तार से जवाब दिया।

‘साधारण परिवार से निकला सफर, जनता के भरोसे मिली हर जिम्मेदारी’

वरिष्ठ पत्रकार सैयद जफर ने किया इस्तकबाल।

तोखन साहू ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन किसी राजनीतिक विरासत का परिणाम नहीं, बल्कि एक सामान्य ग्रामीण परिवार से शुरू हुई जनसेवा की यात्रा है। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में अकाउंटेंट के रूप में काम करते हुए उन्होंने सबसे पहले पंच का चुनाव लड़ा। इसके बाद सरपंच, जनपद सदस्य, विधायक, सांसद और अब केंद्र सरकार में राज्य मंत्री बनने तक का सफर तय किया। उन्होंने अपनी इस यात्रा का श्रेय जनता के विश्वास, पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के मार्गदर्शन को दिया।

‘पीएमओ से आया फोन, मिली नई जिम्मेदारी’

केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार में मंत्री बनाए जाने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से अचानक फोन आने के बाद उन्हें नई जिम्मेदारी की जानकारी मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने प्रत्येक सहयोगी की कार्यशैली, क्षेत्र और पृष्ठभूमि की गहरी जानकारी रखते हैं, जिसने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया।

बिलासपुर के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट

तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर की तरक्की उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए लगभग 290 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी गई है तथा नाइट लैंडिंग सुविधा भी सुनिश्चित हो चुकी है। इससे भविष्य में बड़े विमानों के संचालन और हवाई सेवाओं के विस्तार का रास्ता मजबूत होगा।

रेलवे विकास पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र की 58 ट्रेनों के स्टॉपेज दोबारा बहाल किए जा चुके हैं। प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप में विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है, जिससे छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को नई गति मिलेगी।

शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है, जिससे भविष्य में शहर के यातायात को बड़ी राहत मिलेगी।

अरपा, महामाया कॉरिडोर और आवास योजनाओं पर विशेष फोकस

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रतनपुर माता महामाया कॉरिडोर, शहर के प्रमुख तालाबों के सौंदर्यीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और अरपा नदी संरक्षण जैसे विषयों पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अरपा नदी में गिरने वाले सीवरेज के शोधन के लिए बड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

प्रधानमंत्री आवास योजना पर उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों का चयन राज्य सरकार द्वारा किया जाता है तथा मांग प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद केंद्र सरकार स्वीकृति प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में काम जारी है।

छत्तीसगढ़ी भाषा और अपनी जीवनशैली पर भी रखे विचार

छत्तीसगढ़ी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किए जाने के प्रश्न पर तोखन साहू ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष पहल की है। उन्होंने बताया कि कई भारतीय भाषाओं के प्रस्ताव विचाराधीन हैं और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस दिशा में आगे निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने अपनी व्यक्तिगत दिनचर्या का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वे नियमित योग करते हैं, मिलेट आधारित भोजन को प्राथमिकता देते हैं तथा अपने घर में जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रयास करते हैं।

संवाद मंच पर जुटे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधि

कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ पत्रकारों सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद के दौरान पत्रकारों ने “हमर पहुना” को जनप्रतिनिधियों और मीडिया के बीच सार्थक संवाद का प्रभावी मंच बताया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।