बिलासपुर। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। बीते छह दिनों के भीतर सरकंडा, चकरभाठा, रतनपुर और मस्तुरी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तलवार, गड़ासा, फरसा और बटनदार चाकू जैसे धारदार हथियार जब्त किए गए हैं। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
चांटीडीह में तलवार लहराकर फैला रहा था दहशत, सरकंडा पुलिस ने दबोचा
सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी जाहीद शेख उर्फ चिढ़ढ़ा (20 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चांटीडीह पठान मोहल्ला, नगीना मस्जिद के पास का निवासी है।
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को टाउन भ्रमण के दौरान आरक्षक वीरेंद्र साहू और रंजीत खाण्डे को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हाथ में तलवार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बड़ी धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
एक्टिवा पर चाकू लहराते घूम रहा था युवक, चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई
चकरभाठा थाना क्षेत्र में 11 जून 2026 को अड्डेबाजी चेकिंग के दौरान पुलिस ने राहुल रजक (19 वर्ष) निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक 15 को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा पर सवार होकर हाथ में धारदार लोहे का बटनदार चाकू लहराते हुए लोगों को डरा-धमका रहा था। चकरभाठा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू और ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मंदिर के पास तलवार और गड़ासा लेकर घूम रहे थे दो बदमाश
चकरभाठा थाना क्षेत्र में ही 15 जून 2026 को लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास तथा वासु मंगलम के सामने दो युवकों के हथियार लेकर घूमने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल दास मानिकपुरी (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 14 चकरभाठा तथा रुद्र उर्फ बाबू शुक्ला (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 8 राम मंदिर के पास चकरभाठा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार और एक लोहे का गड़ासा बरामद किया। दोनों आरोपी सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बना रहे थे। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
जोगीअमराई में फरसा और चाकू लेकर लोगों को डरा रहा था युवक
रतनपुर थाना क्षेत्र के जोगीअमराई में 15 जून 2026 को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि बजरंगबली मंदिर के पास एक युवक फरसा और धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जागेश्वर पाव (20 वर्ष) निवासी जोगीअमराई को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से एक फरसा और एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को थाना लाकर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मस्तुरी में मिशन स्कूल के पास चाकू लहराने वाला गिरफ्तार
मस्तुरी थाना क्षेत्र के ग्राम भनेसर में 15 जून 2026 को एक युवक द्वारा बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना पर पुलिस टीम मिशन स्कूल के पास पहुंची और विश्राम भेगरा (26 वर्ष) निवासी मिशन स्कूल के पास, भनेसर को पकड़ लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से एक लोहे का बटनदार चाकू बरामद हुआ। गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
लगातार कार्रवाई से सामने आए कई मामले
पिछले छह दिनों के भीतर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, हथियार लहराने और लोगों को डराने-धमकाने के पांच अलग-अलग मामले सामने आए हैं। सरकंडा, चकरभाठा, रतनपुर और मस्तुरी पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं तथा उनके कब्जे से तलवार, गड़ासा, फरसा और बटनदार चाकू जैसे हथियार जब्त किए गए हैं।



