
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कुदुदंड में बुधवार को पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक युवक ने अपने ही पिता को चाकू लेकर दौड़ा दिया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को काबू करने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने एक आरक्षक पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कुदुदंड निवासी सागर सूर्यवंशी का अपने पिता मुन्ना सूर्यवंशी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी तथा चाकू लेकर पिता को मारने के लिए दौड़ाने लगा।
घटना की सूचना डायल-112 को मिलने पर सिविल लाइन ईगल-02 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया। हालांकि आरोपी ने विरोध करते हुए पास में रखे डंडे से अचानक हमला कर दिया।
हमले में आरक्षक क्रमांक 788 मोरज सिंह के सिर पर चोट आई। इसके बाद थाना सिविल लाइन की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को पकड़कर थाने ले जाया गया।
मानसिक उपचार चलने की जानकारी
पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



