बिलासपुर। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव के प्रतीक महाराणा प्रताप एवं बुंदेलखंड के वीर योद्धा महाराजा छत्रसाल की जयंती के अवसर पर बुधवार को बिलासपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शहर के गांधी चौक से प्रारंभ हुई शोभायात्रा जूना बिलासपुर, गोल बाजार, सदर बाजार और देवकीनंदन चौक होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के जयघोष गूंजते रहे। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल युवाओं, समाजजनों और श्रद्धालुओं ने वीर योद्धाओं के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।
हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम में महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजजन, युवा और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं। शोभायात्रा के माध्यम से उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।



