बिलासपुर।
जिले में बढ़ती महंगाई को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बिलासपुर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ठाकुर ने रसोई गैस की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर तीखा निशाना साधा है।
रविंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में महंगाई की मार से हर वर्ग प्रभावित है और आमजन बदहाल व परेशान है। उन्होंने वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत 993 रुपये और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर के दाम 261 रुपये किए जाने की निंदा की।
‘हर घर का बजट बिगड़ा, महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित’
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हर घर का बजट बिगड़ गया है। घर की जिम्मेदारी संभालने वाली महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं और उन्हें रोजमर्रा के खर्चों को संतुलित करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
गैस, तेल और खाद्य सामग्री सब महंगे
कांग्रेस नेता ने कहा कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि तेल और अन्य खाद्य सामग्री की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हो रही है। सरकार द्वारा बार-बार दर बढ़ाने से आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
प्रधानमंत्री के वादों का किया जिक्र
रविंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि चुनाव पूर्व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महंगाई कम करने का वादा किया था, जिसे निभाया जाना चाहिए।
सरकार की भूमिका पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया जा सकता, तो सरकार के पद पर बने रहने के औचित्य पर भी सवाल उठते हैं।

