
रायपुर/बिलासपुर, 16 अप्रैल 2026। देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के असर के बीच छत्तीसगढ़ में सरकार और प्रशासन ने दो बड़े फैसले लिए हैं। एक ओर जहां बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले लागू कर दी गई हैं, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को राहत देने के लिए दोपहर में ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
में बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन अवकाश में संशोधन किया है। पहले यह अवकाश 1 मई से 15 जून तक तय था, लेकिन अब इसे 20 अप्रैल से 15 जून 2026 तक लागू किया गया है।
स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय महानदी भवन नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय प्रदेश के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों पर लागू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों की सेहत की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए अवकाश पहले शुरू करने का फैसला लिया गया है।
बिलासपुर में दोपहर 12 से 4 बजे तक बंद रहेंगे सिग्नल
भीषण गर्मी से राहत देने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने भी विशेष पहल की है। 17 अप्रैल 2026 से शहर के सभी चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे।
यह निर्णय पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में लिया गया है। यातायात पुलिस के अनुसार, तेज धूप में सिग्नल पर रुकने से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार व्यक्तियों को भारी परेशानी होती है, जिससे उन्हें लू का खतरा बढ़ जाता है।
चौराहों पर तैनात रहेंगे जवान, कंट्रोल रूम से मदद
सिग्नल बंद रहने के दौरान भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी रखी गई है।
जनभावनाओं को ध्यान में रखकर फैसला
यातायात पुलिस ने इसे जनभावनाओं और सामाजिक सरोकार से जुड़ा निर्णय बताया है। विभाग का कहना है कि गर्मी के दौरान आम नागरिकों को राहत देना प्राथमिकता है, वहीं सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात बनाए रखने के लिए भी पूरी व्यवस्था की जा रही है।
नियमों के पालन की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सिग्नल बंद रहने के दौरान भी यातायात नियमों का पालन करें और विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगों को सड़क पार करने में प्राथमिकता दें।

