Latest news

नाले और सरकारी जमीन पर कब्जा, तिफरा का आधा इलाका हो जाता है जलमग्न: पार्षद ने सदन में उठाया मुद्दा, अब निगम की बड़ी कार्रवाई की तैयारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read
पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू।

बिलासपुर। नगर पालिक निगम क्षेत्र में शासकीय नाले की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वार्ड क्रमांक-5 की पार्षद श्रीमती गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने इस पूरे मामले को लेकर निगम आयुक्त को लिखित शिकायत देने के साथ ही हाल ही में सामान्य सभा में भी जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया, जिसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया है। सीमांकन रिपोर्ट के आधार पर अब अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
पार्षद द्वारा दिए गए पत्र के अनुसार, वार्ड क्रमांक-07 अंतर्गत अटल चौक के पास यादव नगर तिफरा में शुभम कॉम्प्लेक्स के बाजू गली के अंदर, मुक्तिधाम बाउंड्रीवाल से लगे प्लॉट पर भूस्वामी द्वारा बिना अनुमति अवैध निर्माण किया जा रहा है। आरोप है कि नाले की शासकीय भूमि पर बाउंड्रीवाल खड़ी कर कब्जा किया जा रहा है।


नाले पर निर्माण से सैकड़ों घरों की निकासी प्रभावित


शिकायत में उल्लेख किया गया है कि उक्त नाले पर निर्माण किए जाने से सूर्या विहार से लेकर बाजार चौक तक सैकड़ों घरों की नाली निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बारिश के दौरान पूरा इलाका जलमग्न हो जाता है और कई घरों के अंदर तक पानी भरने की स्थिति बन जाती है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है।
पहले भी दी गई थी जानकारी, फिर भी नहीं रुका निर्माण
पार्षद ने अपने पत्र में यह भी बताया कि इस मामले की जानकारी पूर्व में जोन कमिश्नर और उप अभियंता को मौखिक रूप से दी जा चुकी है। साथ ही कुछ माह पूर्व सीमांकन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई गई थी, इसके बावजूद अब तक न तो निर्माण कार्य रोका गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई। आरोप है कि कब्जाधारी द्वारा लगातार निर्माण कर शासकीय भूमि को घेरा जा रहा है।
सामान्य सभा में उठे मुद्दे के बाद बढ़ी हलचल
सूत्रों के अनुसार, पार्षद द्वारा दो दिन पहले नगर निगम की सामान्य सभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हुई है। अधिकारियों ने सीमांकन रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस बल की मांग, बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। जानकारी के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है।
प्रतिलिपि भेजकर की गई कार्रवाई की मांग
पार्षद द्वारा इस संबंध में तहसीलदार बिलासपुर को भी कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि भेजी गई है, वहीं जोन-2 आयुक्त को सूचनार्थ अवगत कराया गया है। पत्र में स्पष्ट रूप से नाले की शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु करने और शासकीय भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की गई है।

“सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों की नहीं होगी जगह”: जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय का सख्त रुख, कार्रवाई की तैयारी
शासकीय जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर अब नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने स्पष्ट कहा है कि आम लोगों की समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाएगा और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के लिए क्षेत्र में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों और जमीनी हालात को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जोन कमिश्नर ने यह भी संकेत दिए कि कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए पूरी रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।