
बिलासपुर। शहर के नेहरू नगर जोन अंतर्गत लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और मेंटेनेंस के नाम पर हो रही विद्युत बंदी के विरोध में कांग्रेसजन सड़क पर उतर आए। खपरगंज, मसानगंज, तेलीपारा, मगरपारा, तालापारा, राजेंद्र नगर, जूनी लाइन और नेहरू नगर क्षेत्रों के वार्डवासियों की परेशानी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सीएसपीडीसीएल नेहरू नगर जोन कार्यालय पहुंचकर कार्यपालन यंत्री बी.बी. नेताम को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय और नगर निगम बिलासपुर के नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप की मौजूदगी में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जावेद मेमन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नेहरू नगर, जरहाभाठा सहित पूरे जोन क्षेत्र की कॉलोनियों और मोहल्लों में लगातार बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। पार्षदों को लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की स्थिति खराब है, बिजली के तार खुले पड़े हैं, जिससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई है। भीषण गर्मी में वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं छात्र-छात्राएं प्रवेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं।
कार्यपालन यंत्री बी.बी. नेताम ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त कर बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं और जहां से भी शिकायत प्राप्त होगी, वहां तत्काल सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मानसून पूर्व मेंटेनेंस कार्य उपभोक्ताओं को सूचना देकर समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है और यह आवश्यक प्रक्रिया है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जावेद मेमन ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर विभाग के प्रमुख अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है और विस्तृत चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष भरत कश्यप, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, पूर्व पार्षद एवं महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा घृतेश, वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद रमाशंकर बघेल, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव ऋषि कश्यप, युवा कांग्रेस शहर उपाध्यक्ष वकार खान, रिजवान खान, मोनू ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

