



बिलासपुर। आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर स्थित अपने निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक सकारात्मक और उत्साहजनक दृश्य तब देखने को मिला, जब क्षेत्र के विद्यार्थी मंत्री से मिलने पहुंचे और अपने वार्षिक परीक्षा परिणाम की खुशी साझा की। इस अवसर पर श्री साहू ने सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। श्री साहू ने प्रत्येक विषय को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने जनदर्शन कार्यक्रम की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि यह मंच आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है, जहां सीधे संवाद के जरिए समस्याओं को समझकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाता है।

