

बिलासपुर। शिक्षा संभाग बिलासपुर में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर शिक्षकों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, संभाग बिलासपुर के बैनर तले गुरुवार को शिक्षकों ने संयुक्त संचालक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और 10 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर के निर्देशन और प्रदेश सलाहकार रंजीत बनर्जी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के सामने एलबी संवर्ग की लंबित पदोन्नति, मिडिल स्कूल प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक से उच्च वर्ग शिक्षक, पीटीआई और ग्रंथपाल पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग रखी। साथ ही पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने की बात कही।
7 दिन में कार्रवाई का आश्वासन
संयुक्त संचालक आर. पी. आदित्य से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन मिला कि 7 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी सौंपा ज्ञापन
इसके बाद शिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्राथमिक स्कूल प्रधान पाठक पदोन्नति में देरी पर नाराजगी जताई। यहां परीक्षा अनुमति आदेश जारी करने, नियमितीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने और पूर्व में दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई की जानकारी देने की मांग रखी गई।
आंदोलन की चेतावनी
फेडरेशन ने दोनों कार्यालयों को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए साफ कहा कि तय समय-सीमा में पदोन्नति और अन्य प्रक्रियाएं पूरी नहीं हुईं तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
ज्ञापन कार्यक्रम में दीप ज्योति राठौर, अश्वनी कुर्रे, चंद्र प्रकाश तिवारी, वीरेंद्र यादव, ढोला लाल पटेल, सुनील पांडे, विकास कायरवार, नीलेश दुबे, संजय कुमार यादव, विवेक तिवारी, बसंत जोगी, गोविंद मानिकपुरी, देवेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

