
रायपुर। सोशल मीडिया पर अवैध कट्टा लहराते हुए ‘रिल’ बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। जो वीडियो दिखावे और वायरल होने के लिए बनाया गया था, वही पुलिस की कार्रवाई का आधार बन गया और अब आरोपी ‘रियल’ में सलाखों के पीछे पहुंच गया है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हाई-टेक विश्लेषण और फील्ड एक्शन के जरिए महज 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोच लिया, साथ ही उसे कट्टा उपलब्ध कराने वाले दूसरे युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल ने तत्काल संज्ञान लिया और अधीनस्थ अधिकारियों को वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसे अवैध हथियार सहित पकड़ने के निर्देश दिए।
वायरल ‘रिल’ बना सबूत, साइबर विंग ने ऐसे खोला राज
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल वीडियो में एक युवक खुलेआम हाथ में कट्टा लेकर उसका प्रदर्शन करता नजर आ रहा था। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट की सोशल मीडिया विंग ने वीडियो का सूक्ष्म तकनीकी विश्लेषण किया।
डिजिटल इनपुट, लोकेशन क्लू और विजुअल डिटेल्स के आधार पर युवक की पहचान आजाद चौक क्षेत्र निवासी कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू के रूप में की गई।
फरारी के बाद भी नहीं बच पाया, 48 घंटे में गिरफ्तारी
वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार उसकी पतासाजी जारी रखी। मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के संयोजन से टीम ने उसे ट्रेस कर 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने कट्टा लाने की पूरी कहानी उगल दी।
कट्टा सप्लाई करने वाला भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अवैध कट्टा पंडरी निवासी शिखर द्विवेदी से लिया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिखर द्विवेदी को भी पकड़ लिया।
दोनों आरोपियों के कब्जे से एक नग अवैध कट्टा बरामद किया गया है।
संयुक्त ऑपरेशन: साइबर ट्रैकिंग से फील्ड एक्शन तक
पूरे मामले में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। सोशल मीडिया विंग की सतत निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के चलते वायरल वीडियो से आरोपी तक पहुंचना संभव हुआ।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 66/26 के तहत धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू (24), निवासी रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर
शिखर द्विवेदी (20), निवासी एकता चौक सड्डू, थाना पंडरी, रायपुर
सोशल मीडिया पर दिखावा बना गिरफ्तारी की वजह
कट्टे के साथ बनाई गई ‘रिल’ ने ही पूरे घटनाक्रम को उजागर कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो जांच का मुख्य आधार बना और उसी के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

