Latest news

रमन यूनिवर्सिटी हॉस्टल से 19 वर्षीय छात्र गायब: कमरे में मिले 40.77 लाख के हिसाब-किताब वाले पन्ने, मोबाइल बिना सिम… आखिर कैंपस में चल क्या रहा था?

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

बिलासपुर छत्तीसगढ़।

बिलासपुर जिले के कोटा स्थित सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी का हॉस्टल एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। बिहार के गया निवासी 19 वर्षीय छात्र रोहित कुमार के अचानक लापता होने के बाद पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, उन्होंने छात्रावास की निगरानी व्यवस्था और कैंपस के माहौल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रोहित के कमरे से ऑनलाइन गेमिंग और कथित बेटिंग से जुड़े नोट्स, 40.77 लाख रुपये के हिसाब-किताब वाली नोटबुक और बिना सिम का मोबाइल मिलने से मामला और उलझ गया है। पुलिस का कहना है कि छात्र ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था।


हॉस्टल से अचानक गायब हुआ छात्र
कोटा थाना में 7 मार्च को गुम इंसान प्रकरण क्रमांक 29/2026 दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार रोहित कुमार (19 वर्ष), पिता अमरेन्द्र कुमार, निवासी महावीर कॉलोनी संगम चौक, गया (बिहार) सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बताया गया कि 6 मार्च 2026 को शाम करीब 4 बजे के बाद से वह हॉस्टल से लापता है। इस संबंध में छात्रावास प्रभारी की रिपोर्ट पर थाना कोटा पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।


कमरे से मिला चौंकाने वाला सामान
जांच के दौरान पुलिस ने रोहित के हॉस्टल कमरे की तलाशी ली। तलाशी में कई ऐसे दस्तावेज मिले जिनसे जांच का फोकस ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के लेन-देन की ओर चला गया।
कमरे से पुलिस को –
एक मोबाइल फोन (बिना सिम कार्ड)
ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े नियम लिखे हुए एक राइटिंग पेज
एक नोटबुक, जिसमें लगभग 40,77,400 रुपये का हिसाब दर्ज
बरामद हुआ है।
इन दस्तावेजों में पैसों के लेन-देन का विस्तृत रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
मोबाइल से मां को भेजा गया मैसेज भी डिलीवर नहीं हुआ
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि रोहित के मोबाइल से उसकी मां को स्वेच्छा से कहीं जाने का संदेश भेजा गया था, लेकिन वह डिलीवर नहीं हुआ। इस तथ्य ने भी जांच को और उलझा दिया है।
दोस्तों से पूछताछ में सामने आया ऑनलाइन गेमिंग कनेक्शन
पुलिस ने छात्रावास में रहने वाले छात्रों, रोहित के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि रोहित ऑनलाइन गेमिंग में सक्रिय था और कई लोगों से पैसों का लेन-देन करता था।
बताया गया कि घटना वाले दिन भी उसने अपने साथियों से कैश में पैसे मांगे थे और कहा था कि वह यू.पी.आई. के जरिए तुरंत वापस कर देगा
बैंक खाते में मिले लाखों के ट्रांजेक्शन
पुलिस ने तकनीकी जांच के तहत मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक खाते की जानकारी भी खंगाली। बैंक डिटेल में करीब 7 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं, जिनमें कई लोगों और अलग-अलग ऐप के माध्यम से पैसे लेने-देने की बात दर्ज है।
CCTV खंगाले, डॉग स्क्वाड भी लगाया गया
रोहित की तलाश के लिए पुलिस ने यूनिवर्सिटी और आसपास के कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इनमें प्रमुख रूप से –
यूनिवर्सिटी गेट
मोबाइल नाका चौक
खत्री इंटरप्राइजेस
एक स्कूल परिसर
यूको बैंक एटीएम
पेट्रोल पंप
सहित अन्य स्थानों के कैमरे शामिल हैं।
इसके अलावा डॉग स्क्वाड की मदद से छात्रावास से कोटा रेलवे स्टेशन तक सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।
अन्य जिलों को भी भेजी गई सूचना
पुलिस ने रोहित की गुमशुदगी की जानकारी अन्य जिलों में भी प्रसारित कर दी है ताकि कहीं भी उसकी मौजूदगी की सूचना मिल सके।
परिवार को थी बेटिंग में पैसे लगाने की जानकारी
जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित के भाई-बहन को उसके बेटिंग में पैसे लगाने और हारने की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान परिजनों को भी शामिल किया गया है और पूरे मामले की जानकारी साझा की जा रही है।
यूनिवर्सिटी प्रबंधन से मांगा गया जवाब
मामले में पुलिस ने सी.वी. रमन यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। छात्रावास से एक छात्र के इस तरह गायब होने और कमरे से भारी रकम के हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज मिलने के बाद कैंपस की निगरानी व्यवस्था और हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं
पुलिस की अपील
कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय नेने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को रोहित कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है तो वह तत्काल थाना कोटा, जिला बिलासपुर को सूचित करें।
गुमशुदा छात्र की तलाश के लिए पुलिस द्वारा तकनीकी जांच, पूछताछ और फील्ड सर्च की कार्रवाई लगातार जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।