दुर्ग के बाद बलरामपुर में अवैध अफीम खेती का मामला सामने आने पर प्रदेशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सामने आए अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर प्रदेश की सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में गुरुवार 12 मार्च को बिलासपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और भाजपा कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में नशे का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है और प्रशासन इसे रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड करबला रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए सरकार से नशे के अवैध कारोबार पर जवाब मांगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान हमेशा मेहनतकश किसानों और धान की खेती से रही है, लेकिन हाल के दिनों में जिस तरह प्रदेश में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आ रहे हैं, वह बेहद चिंताजनक है। दुर्ग जिले में सामने आए मामले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी करीब पांच एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती पकड़े जाने की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशे की खेती होना इस बात का संकेत है कि यह कारोबार संगठित तरीके से चल रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह अवैध कारोबार किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है और प्रशासन इसे रोकने में क्यों असफल साबित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रुधांशु मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है और सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि अवैध अफीम की खेती के मामलों में अब तक क्या कार्रवाई की गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे का फैलता कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी और सरकार को जवाब देना ही होगा।
पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो यह समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर पड़ रही है, जिसके कारण इस तरह की गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को दबने नहीं देगी और प्रदेश की जनता के हित में लगातार आवाज उठाती रहेगी। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सरकार के सामने रखने का लोकतांत्रिक माध्यम है।
कांग्रेस ने यह भी ऐलान किया है कि आने वाले दिनों में पार्टी की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करेंगी। इसके साथ ही यदि सरकार इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो पूरे प्रदेश में बड़े जन आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी।

