Latest news

आधी रात दंपति पर लाठी-डंडों से हमला, महिला तक को नहीं बख्शा… सीसीटीवी में कैद हुए गुंडे

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

बिलासपुर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई है। सरकंडा क्षेत्र में आधी रात कुछ युवकों ने दंपति और उनके साथी पर लाठी-डंडों और बांस से हमला कर दिया। महिला तक को बेरहमी से पीटा गया और मौके पर खड़ी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

घटना सरकंडा थाना क्षेत्र ककीहै।


मिली जानकारी के अनुसार घटना भूकंप अटल आवास के पास की बताई जा रही है। रात करीब 1 बजे महिला घर के अंदर सो रही थी, जबकि उसके पति टकेश्वर साहू और उनके साथी सेठ्ठी यादव घर के बाहर टेंट के सामान की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान इलाके के ही जादू, प्रेम और मंथन नामक युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि पहले आरोपियों ने बहस और गाली-गलौज शुरू की। विवाद बढ़ने पर आसपास शोरगुल मच गया। शोर सुनकर महिला घर से बाहर आई और दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने अचानक लाठी-डंडे और बांस उठा लिए और दंपति पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान महिला को भी नहीं छोड़ा गया। हमले में महिला के दोनों हाथों की उंगलियों और कमर में चोट आई है।
वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे सेठ्ठी यादव को भी आरोपियों ने घेर लिया और उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में सेठ्ठी यादव के दोनों हाथों में चोट आई है।
घटना के दौरान आरोपियों ने आसपास खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि उन्होंने ईंट-पत्थर फेंककर वहां खड़े छोटा हाथी और ई-रिक्शा समेत कई गाड़ियों के कांच तोड़ दिए, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की हरकतें कैद हुई हैं। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर नाराजगी की चर्चा है।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।