Latest news

जनदर्शन में फिर गूंजी बिल्डर–भूमाफिया की शिकायत: जोगनिन-जोगिया तालाब का रास्ता बंद कर बाउंड्रीवाल खड़ी करने का आरोप

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


बिलासपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में एक बार फिर बिल्डर और भूमाफिया से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया। मोपका वार्ड क्रमांक 48 के ग्रामीण जोगनिन–जोगिया तालाब तक जाने का रास्ता अवैध रूप से बंद किए जाने की शिकायत लेकर प्रशासन के समक्ष पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिल्डरों द्वारा तालाब के चारों ओर बाउंड्रीवाल खड़ी कर सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आमजन का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।


बिलासपुर, 10 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से आए ग्रामीणों और शहरवासियों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में लगभग 50 से 60 फरियादी व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री अरविंथ कुमारन और अपर कलेक्टर श्री एस.एस. दुबे भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनदर्शन में सबसे प्रमुख मामला मोपका वार्ड क्रमांक 48 के ग्रामीणों द्वारा उठाया गया, जिन्होंने जोगनिन–जोगिया तालाब में बिल्डरों द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण कर तालाब तक आने-जाने का सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब वर्षों से स्थानीय लोगों के उपयोग में है, लेकिन हाल के दिनों में बिल्डरों द्वारा चारदीवारी कर रास्ता रोक दिया गया है, जिससे जलस्रोत तक पहुंच मुश्किल हो गई है। इस गंभीर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश एसडीएम बिलासपुर को दिए गए हैं।
इसके अलावा ग्राम पंचायत धौराभाठा के सरपंच, सचिव और ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला भवन और अतिरिक्त कक्ष की जर्जर हालत को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि स्कूल की छत का प्लास्टर गिर रहा है और बारिश के दिनों में सीपेज की गंभीर समस्या रहती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। नगर निगम आयुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संत कबीरदास नगर वार्ड क्रमांक 11 के निवासी संजीव पाल ने वार्ड में सड़क और नाली निर्माण की मांग करते हुए आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों में गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और बरसात में स्थिति और भयावह हो जाती है। इस मामले को नगर निगम आयुक्त द्वारा देखने के निर्देश दिए गए हैं।
तालापारा निवासी श्यामकली खूटे ने अग्निकांड से क्षतिग्रस्त आवास के लिए सहायता राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना के बाद आर्थिक संकट गहरा गया है। नगर निगम आयुक्त ने प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
करबला रोड निवासी श्रीमती जबीन फातिमा ने आवास पर दूसरी महिला द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की, जिसकी जांच नगर निगम आयुक्त करेंगे। तखतपुर ब्लॉक के दर्री गांव निवासी श्री लल्लू राम केंवट ने जमीन के पुनः सीमांकन के लिए आवेदन दिया, जिस पर एसडीएम तखतपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शुभम विहार कॉलोनी निवासी श्री रमेश कुमार रावल ने वृद्धा पेंशन फार्म जमा नहीं किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनका नाम 2003 और 2011 की सर्वे सूची में दर्ज होने के बावजूद फार्म स्वीकार नहीं किया जा रहा है। इस प्रकरण को भी नगर निगम आयुक्त द्वारा देखा जाएगा।
जनदर्शन में सामने आए मामलों में खास तौर पर बिल्डर–भूमाफिया से जुड़ा तालाब मार्ग अवरोध का मुद्दा एक बार फिर प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनकर उभरा है, जिस पर अब कार्रवाई की निगाहें टिकी हुई हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।