Latest news

बिलासपुर में नशा–हथियार सिंडिकेट पर पुलिस का बड़ा वार, मिनीबस्ती से भोपाल तक फैले अंतर्राज्य गिरोह का भंडाफोड़, ऑटोमेटिक पिस्टल और 1100 नशीली गोलियों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। शहर को नशे और अवैध हथियारों की गिरफ्त में लेने की साजिश रच रहे अंतर्राज्य गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। थाना सिविल लाईन क्षेत्र के मिनीबस्ती में की गई सघन रेड और चेकिंग के दौरान पुलिस ने न सिर्फ भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की, बल्कि ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैग्जीन के साथ एक सक्रिय हथियार सप्लाई नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है। कार्रवाई की कड़ी बिलासपुर से सीधे भोपाल तक जुड़ी, जहां फरार हथियार सप्लायर को दबोच लिया गया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अवैध नशे के कारोबार और हथियारों की सप्लाई पर प्रभावी अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना सिविल लाईन, थाना तारबाहर और लाइन से प्राप्त बल की संयुक्त विशेष टीम गठित कर मिनीबस्ती क्षेत्र में बदमाशों के ठिकानों पर रेड और सघन चेकिंग की गई।
रेड के दौरान मिनीबस्ती जरहाभाठा निवासी 20 वर्षीय स्वराज कुर्रे पिता स्वर्गीय छन्नु कुर्रे के कब्जे से लगभग 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपाम बरामद की गई। तलाशी को और विस्तारित किया गया तो आरोपी के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 नग जिंदा कारतूस भी मिले। मौके से एक धारदार लोहे का चाकू और जुपीटर स्कूटी क्रमांक CG-10-CA-8764 को भी विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी स्वराज कुर्रे ने बताया कि उसके पास मिले अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर पिता सरनाम सिंह तोमर, उम्र 37 वर्ष द्वारा की जाती थी। जानकारी सामने आई कि धीरेन्द्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर जिले में पिस्टल सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और गिरफ्तारी से बचते हुए लंबे समय से फरार था।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक और विशेष टीम तत्काल भोपाल रवाना की गई। स्थानीय इनपुट और तकनीकी सहायता के आधार पर टीम ने अवधपुरी थाना क्षेत्र स्थित बी-84 क्रिस्टल आईडियल सिटी से आरोपी धीरेन्द्र सिंह तोमर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक ऑटोमेटिक पिस्टल और दो मैग्जीन बरामद की गईं।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। हथियार सप्लायर धीरेन्द्र सिंह तोमर की पुलिस रिमांड लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सप्लायरों, खरीदारों और संपर्क सूत्रों की जानकारी सामने लाई जा सके। पुलिस की विशेष टीम नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस प्रकरण में पुलिस द्वारा अवैध नशे और हथियारों के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर ली गई है, जिन पर शीघ्र ही वैधानिक जब्ती की कार्रवाई कर आर्थिक रूप से भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।