Latest news

सीपत में अवैध शराब फैक्ट्री पर पुलिस का धावा, 110 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

ग्राम खांडा में महिला चला रही थी कच्ची शराब का गोरखधंधा, उपकरणों सहित रंगेहाथ पकड़ी गई
बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “चेतना विरुद्ध नशा अभियान” के तहत सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खांडा में अवैध कच्ची महुआ शराब की फैक्ट्री पर छापा मारा है। कार्रवाई में एक महिला आरोपी को भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। मौके से 110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब, शराब बनाने के उपकरण और बर्तन जब्त किए गए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपए बताई गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह के निर्देशन में की गई। सीपत थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध शराब निर्माण और बिक्री की सूचनाओं के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया।
मुखबिर सूचना पर गठित की गई विशेष टीम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 03 जनवरी 2026 को थाना सीपत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खांडा में एक महिला द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही है और बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सीपत से एक विशेष टीम गठित की गई और तत्काल रेड कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
रेड के दौरान सामने आई अवैध शराब फैक्ट्री
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां एक अवैध शराब निर्माण केंद्र संचालित पाया गया। मौके पर अंजनी सिदार पति राजेश सिदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खांडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छ.ग.) को कच्ची महुआ शराब बनाते हुए पकड़ा गया। महिला के पास से बड़ी मात्रा में तैयार शराब और निर्माण में उपयोग हो रहे उपकरण बरामद किए गए।
ये सामग्री हुई जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने
110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब
02 नग डेचकी (एक छोटी, एक बड़ी)
एलुमिनियम का कोपरा, जिसमें पाइप लगा हुआ था
शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य बर्तन और उपकरण
को जब्त किया।
आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सीपत क्षेत्र में लगातार जारी है नशे के खिलाफ अभियान
सीपत पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीण इलाकों में चल रहे कच्ची शराब के अवैध निर्माण और बिक्री को लेकर पुलिस की निगरानी और दबिश लगातार जारी है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।