Latest news

सिम्स की प्रबंधकारिणी बैठक में बड़े फैसले: बिजली से लेकर एमआरआई तक, मरीज सुविधा और मेडिकल एजुकेशन दोनों पर एक साथ फोकस

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर की स्वशासी समिति (प्रबंधकारिणी सभा) की वर्ष 2026 की पहली बैठक में संस्थान की शैक्षणिक मजबूती, अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं और मरीजों की सहूलियत से जुड़े अहम प्रस्तावों पर व्यापक सहमति बनी। बैठक 3 फरवरी 2026 को शाम 5 बजे सिम्स के नवीन काउंसिल कक्ष में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता संभागायुक्त सह अध्यक्ष सिम्स स्वशासी समिति श्री सुनील जैन ने की। बैठक में कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे की गरिमामय उपस्थिति रही।

बैठक की शुरुआत 4 सितंबर 2025 को संपन्न पिछली बैठक की कार्यवाही विवरण की पालन प्रतिवेदन पर विस्तृत चर्चा के साथ हुई। अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रबंधकारिणी सभा ने उन्हें औपचारिक अनुमोदन प्रदान किया। इसके बाद नवीन एजेंडा के तहत संस्थान से जुड़े शैक्षणिक और चिकित्सकीय व्यवस्थागत मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में अस्पताल की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सब स्टेशन में डबल फीडर स्थापित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही मरीजों की सुरक्षा और सुचारु इलाज व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवीन गैस मैनिफोल्ड रूम के निर्माण कार्य, फिमेल सर्जिकल वार्ड के नवीनीकरण तथा चिकित्सालय में जनरल रिपेयर से जुड़े कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।

रेडियोलॉजिकल सेवाओं को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य रेडियोलॉजिकल जांचों के लिए प्राइवेट रेडियोलॉजिस्ट के माध्यम से टेली रिपोर्टिंग की व्यवस्था को अनुमोदित किया गया, जिससे जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध हो सके। वहीं, आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए कूलर की समुचित व्यवस्था के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।

शैक्षणिक मोर्चे पर सिम्स को मिली बड़ी उपलब्धि का भी बैठक में उल्लेख हुआ। अध्यक्ष श्री सुनील जैन ने संस्थान में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उल्लेखनीय वृद्धि पर सिम्स प्रबंधन की प्रशंसा की। वर्तमान में 19 विषयों में कुल 91 स्नातकोत्तर सीटें होने पर संतोष जताया गया। इसी क्रम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की सीट वृद्धि हेतु संबद्धता शुल्क के भुगतान, चिकित्सालय के लिए कार्यालयीन व चिकित्सकीय फर्नीचर की खरीदी तथा ई-ऑफिस संचालन के लिए नवीन कंप्यूटर, प्रिंटर आदि क्रय करने की अनुमति भी प्रदान की गई।

बैठक में समिति सदस्य सचिव एवं अधिष्ठाता डॉ. रमनेश मूर्ति, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कश्यप, प्राध्यापक पीएसएम डॉ. हेमलता ठाकुर, उपायुक्त (विकास) श्री एच.एस. चौहान, उपायुक्त राजस्व डॉ. स्मृति तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गरेवाल, ख्यातिप्राप्त चिकित्सक डॉ. मनोज गुप्ता, एसडीओ सीजीएमएससी श्री अनमोल, कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल सिटी श्री बी.बी. नेताम, कार्यपालन अभियंता पीएचईडी बिलासपुर श्री रूपेश कुमार तथा प्रशासकीय अधिकारी सिम्स श्रीमती इंदु बघेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में लिए गए निर्णयों के जरिए सिम्स में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, शैक्षणिक विस्तार और मरीजों की सुविधाओं को एक साथ सुदृढ़ करने की दिशा में अहम पहल सामने आई।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।