Latest news

बिलासपुर में अपराधियों पर पुलिस का फुल-थ्रॉटल एक्शन: चोरी, स्टंटबाजी और झपटमारी के चार बड़े मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, अपराधियों की कमर टूटी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read


बिलासपुर।
बिलासपुर जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के लिए पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है—अपराध होगा तो कार्रवाई तय है। सिटी कोतवाली, चकरभाठा और सरकंडा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं पर बिलासपुर पुलिस ने जिस तेज़ी, समन्वय और सटीक रणनीति के साथ कार्रवाई की, उसने एक ही दिन में कई अपराधों की परतें खोल दीं। मोटरसाइकिल चोरी के अंतरजिला नेटवर्क से लेकर सोशल मीडिया स्टंटबाजी, झपटमारी और सूने मकानों में चोरी तक—हर मोर्चे पर पुलिस का आक्रामक लेकिन विधिसम्मत प्रहार देखने को मिला।


केस-1: मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर सिटी कोतवाली का बड़ा वार
05 मोटरसाइकिल, लाखों का मशरूका और औजार जप्त
थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 42/26 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मोटरसाइकिल चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा किया गया। प्रार्थी अमन सिंह बघेल (28), निवासी दयालबंद, द्वारा 21.01.2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 20.01.2026 की रात उनकी रॉयल एनफील्ड क्लासिक-350 (CG10-AZ3038) चोरी हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने सतत पतासाजी की। 27.01.2026 को शनिचरी हैप्पी स्ट्रीट के पास मुखबिर सूचना पर तीन युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जो चोरी की बुलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
पूछताछ में आरोपी आयुष एक्का पिता एल्सन एक्का (20), निवासी दीनदयाल कॉलोनी, मंगला एवं दो अपचारी बालकों ने अपने साथी हरिओम जोशी (फरार) के साथ मिलकर कई थाना क्षेत्रों से चोरी करना स्वीकार किया।
जप्त मशरूका (मुख्य):
बुलेट CG10-AZ3038 (₹95,000)
एनएस पल्सर CG10-BY1627 (₹50,000)
बुलेट CG07-ZX5007 (₹40,000)
जावा-42 एफजे CG10-BV7666 (₹85,000)
बुलेट CG10-BL6626 (₹60,000)
घरेलू सामान: रूम हीटर, 4 सोनी साउंड बॉक्स, हेयर ड्रायर, HP की-बोर्ड-माउस-प्रिंटर, निकॉन एलईडी टीवी, कैमरा, 2 चांदी पायल (₹50,000)
घटना में प्रयुक्त हथौड़ी, मास्क, कटर
संकरी (अस्मा सिटी), सिविल लाइन, मोपका सहित अन्य क्षेत्रों से चोरी की कड़ियां सामने आईं। आरोपी आयुष एक्का व दोनों अपचारी बालकों को 27.01.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। फरार आरोपी हरिओम जोशी की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली, एसीसीयू बिलासपुर, थाना संकरी व मोपका की संयुक्त टीम का योगदान रहा।


केस-2: गांधी चौक रोड पर जानलेवा स्टंट—सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बना कार्रवाई की वजह
कार जप्त, अपराध दर्ज, लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू
सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक रोड पर सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। सफेद हुंडई i-20 (CG12-BT1243) में सवार वंश सक्तेल, कुनाल साहू, शाहरूख इरानी खिड़कियों पर बैठकर स्टंट करते दिखे, जबकि वाहन हर्ष वर्धन सिंह लापरवाही और जोखिमपूर्ण ढंग से चला रहा था। वीडियो को इंस्टाग्राम पर वंश सक्तेल द्वारा पोस्ट किया गया था।
पुलिस कार्रवाई:
अपराध क्रमांक 66/2026
धारा 281, 3(5) बीएनएस
धारा 184, 189 मोटर व्हीकल एक्ट
घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त
आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
चालक के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ


केस-3: चकरभाठा में झपटमारी—02 आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक व मोबाइल बरामद
अप.क्र. 05/2026, धारा 304(2) बीएनएस
थाना चकरभाठा में 01.01.2026 को त्रिवेणी डेंटल कॉलेज से लौट रही पीड़िता के साथ डायमंड होटल के पास मोबाइल झपटमारी की घटना हुई। रिपोर्ट के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना चकरभाठा की टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
रोशन श्रीवास (22), ग्राम खैरा जयराम नगर, थाना मस्तूरी
मोहम्मद सेराज (26), ग्राम रामचंद्रा, थाना कुरमी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), हाल मुकाम तिफरा
जप्त:
रेडमी कंपनी का मोबाइल
घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल HF डीलक्स
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।
एसीसीयू एवं थाना चकरभाठा स्टाफ की भूमिका महत्वपूर्ण रही।


केस-4: सरकंडा में सूने मकान की चोरी—रिपोर्ट के चंद घंटों में खुलासा
4 अपचारी बालक गिरफ्तार, नकदी-माल बरामद
थाना सरकंडा, अपराध क्रमांक 122/2026, धारा 331(3), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत 27.01.2026 को दर्ज मामले में प्रार्थिया शिल्पी रंजन (23) ने 12.01.2026 को अपने घर से एसी, रिंग लाइट, हेयर स्ट्रेटनर व ₹10,000 नकदी चोरी की रिपोर्ट दी थी। मुखबिर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को परिजनों के साथ हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चार नाबालिगों द्वारा बाउंड्रीवाल कूदकर पीछे का दरवाजा तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया गया।
बरामद:
चोरी का सामान व ₹3,000 नकद
कुल बरामदगी लगभग ₹40,000
चारों अपचारी बालकों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में, सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में हुआ।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।