Latest news

शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, पुरुष वर्ग में दरभंगा (बिहार) और महिला वर्ग में हरियाणा विजेता, आयोजन को लेकर विधायक अटल श्रीवास्तव की सराहना

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

करगीरोड कोटा, बिलासपुर।
शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में 23 से 25 जनवरी तक तीन दिवसीय अखिल भारतीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कोटा विधानसभा क्षेत्र में किया गया। प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों की पुरुष टीमों और 11 राज्यों की महिला टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 जनवरी को खेला गया। पुरुष वर्ग में दरभंगा (बिहार) और उत्तराखंड के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें दरभंगा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए शील्ड के साथ प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये अपने नाम किए। वहीं महिला वर्ग का फाइनल हरियाणा और झारखंड के बीच खेला गया, जिसमें हरियाणा की महिला टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शील्ड सहित 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीती।
उपविजेता टीमों के रूप में पुरुष वर्ग में उत्तराखंड और महिला वर्ग में झारखंड को 75-75 हजार रुपये एवं शील्ड प्रदान की गई। तृतीय और चतुर्थ स्थान पर पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र एवं आंध्रप्रदेश तथा महिला वर्ग में आंध्रप्रदेश एवं दिल्ली की टीमें रहीं। प्रतियोगिता के दौरान मैन ऑफ द मैच, बेस्ट कॉर्नर, बेस्ट कैचर सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदान किए गए।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 23 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करकमलों से संपन्न हुआ। वहीं समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने की। समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सूरज साधेलाल भरतद्वाज, नगरपालिका अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू, जिला पंचायत सदस्य रजनी पिंटू मरकाम, जयकुमारी प्रभु जगत, जीपीएम कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गजपती भानू, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, जनपद सदस्य मनोज मरावी सहित कोटा-बेलगहना क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि विधायक धर्मजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर आयोजित यह अखिल भारतीय कबड्डी प्रतियोगिता कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि विधायक अटल श्रीवास्तव केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहे हैं। कबड्डी ग्रामीण अंचल का लोकप्रिय खेल है और भारत ने इस खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने विजेता, उपविजेता, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों और व्यक्तिगत पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समापन समारोह को यादगार बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा गीत-संगीत और आतिशबाजी का आयोजन किया गया। बाहर से आए खिलाड़ियों और टीम प्रबंधकों ने बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन समिति की सराहना की।

प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के रेफरी और आधिकारिक पदाधिकारी मौजूद रहे। मार्च पास्ट, ध्वजारोहण और ध्वज अवतरण सहित पूरे कार्यक्रम में अनुशासन एवं खेल संहिता का पालन कराने की जिम्मेदारी वरिष्ठ शिक्षक सुरेश सिंह चौहान ने निभाई। आयोजन समिति के अध्यक्ष आदित्य दीक्षित के साथ बसंत अंचल, प्रकाश राव, शिवशंकर नामदेव, आनंद कुमार तिवारी, भूपेंद्र पाण्डेय, रमेश जगत, नंद मेश्राम, महेंद्र गुप्ता, दिलीप श्रीवास सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने पूरे आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं कोटा क्षेत्र के खिलाड़ियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने कहा कि इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता के आयोजन से कोटा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है और इसके लिए विधायक अटल श्रीवास्तव का प्रयास सराहनीय है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।